
*155 ब्लैक स्पाॅट्स के सुधार हेतु करें कार्रवाई: मुख्य सचिव*
*हेलमेट चेकिंग के लिये चलाएँ अभियान*
रांची – मुख्य सचिव राजबाला वर्मा ने निर्देश दिया है कि राज्य में ऐसे ब्लैक स्पाॅट्स पर रंबल स्ट्रीप, साइनेज तथा बोर्ड लगायें जहां हादसे ज्यादा होते हैं ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने विभाग के पदाधिकारियों को कहा प्रत्येक प्रमंडल के अन्तर्गत ब्लैक स्पाॅट का निरीक्षण डीएसपी तथा अधीक्षण अभियंता पथ निर्माण विभाग संयुक्त रूप से करें। सीएस पथ निर्माण विभाग और परिवहन विभाग के पदाधिकारियों के साथ ब्लैक स्पाॅट्स के सुधार की दिशा में किये जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक में सभी जिला के उपायुक्त तथा पुलिस पदाधिकारियों को निदेश दे रही थीं।
श्रीमती वर्मा ने कहा कि सड़क हादसे कम हों इस हेतु सभी 155 ब्लैक स्पाॅट्स को सुधार करने के लिये डीपीआर तैयार करवायें तथा तीन वर्षों का जीआर लोकेशन तैयार करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ब्लैक स्पाॅट्स में होने वाले हादसों की पूरी प्रोफाईल तैयार करें कि किस वजह से उक्त पथ पर हादसे होते हैं तथा उनके दूर करने के क्या उपाय हैं। विदित हो कि सुप्रीम कोर्ट में सभी राज्यों को ब्लैक स्पाॅट के संदर्भ में प्रगति रिपोर्ट 31 मार्च तक पेश करनी है। उन्होंने कहा कि फरवरी माह के अन्त तक इस दिशा में होने वाली अपेक्षित कार्रवाई पूर्ण करें तथा सुधार की दिशा में काम प्रारंभ किया जाय।
मुख्य सचिव ने कहा ब्लैक स्पाॅट्स को श्रेणी में विभक्त किया जाय तथा जहां अधिक दुर्घटनाएं होती हैं वहां प्राथमिकता के आधार पर सुधार कार्य किये जायें। अगर सुधार हेतु भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता हो तो किया जाए!

