
जमशेदपुर।
लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत करने और पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए काम कर रहे झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (जेजेए) को अपना नया नेतृत्व मिल गया है। रविवार को रामगढ़ जिले के कुजू स्थित अक्षत बैंक्वेट हॉल में भारी उत्साह और गहमागहमी के बीच जेजेए की एक महत्वपूर्ण प्रांतीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सर्वसम्मति से अभय लाभ को संगठन का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि संजीव समीर को प्रदेश महासचिव की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही, संगठन के वित्तीय कार्यों के संचालन के लिए सुभाशीष झा को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। नई कमेटी के गठन से राज्य भर के पत्रकारों में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
‘संगठित रहेंगे तो सुरक्षित रहेंगे’- शाहनवाज हसन
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जेजेए और बीएसपीएस के संस्थापक शाहनवाज हसन, पूर्व अध्यक्ष विष्णु शंकर उपाध्याय, प्रदेश कमेटी के वरीय पदाधिकारियों तथा विभिन्न जिलों से आए अध्यक्षों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। रामगढ़ जिला इकाई द्वारा सभी अतिथियों का बुके देकर और माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया।
उद्घाटन सत्र के बाद वक्ताओं ने संगठन की मजबूती पर जोर दिया। संस्थापक शाहनवाज हसन ने मंच से हुंकार भरते हुए कहा कि संगठन में ही असली ताकत है, “हम संगठित रहेंगे तो ही सुरक्षित रहेंगे।” उन्होंने जेजेए की स्थापना से लेकर अब तक की संघर्षपूर्ण यात्रा और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं, पूर्व अध्यक्ष विष्णु शंकर उपाध्याय ने कहा कि यह यूनियन हमेशा से पत्रकार हित में आगे रही है और इसका एकमात्र उद्देश्य पत्रकारों को हर हाल में संरक्षण और सुरक्षा प्रदान करना है।
आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आएं पत्रकार: अभय लाभ
नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष अभय लाभ ने अपनी नई जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए कहा कि जेजेए अपने स्थापना काल से ही पत्रकारों के हितों और सम्मान की रक्षा के लिए ढाल बनकर काम कर रहा है। उन्होंने राज्य के सभी पत्रकारों से एक मजबूत अपील करते हुए कहा कि हमें अपने आपसी द्वेष और मतभेदों को पूरी तरह से दूर कर एक साझा मंच पर आना होगा, तभी हमारी आवाज सत्ता के गलियारों तक गूंजेगी।
जल्द लागू होगा पत्रकारों का स्वास्थ्य बीमा: संजीव समीर
इस अवसर पर नवनियुक्त प्रदेश महासचिव संजीव समीर ने पत्रकारों के कल्याण पर केंद्रित कई बड़ी घोषणाएं कीं। संजीव समीर ने बताया कि जेजेए द्वारा पत्रकारों के कल्याणार्थ कई नई और लाभकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार की गई है, जिनकी जल्द ही शुरुआत की जाएगी। उन्होंने बताया कि पत्रकारों के स्वास्थ्य बीमा (Health Insurance) को लेकर कोडरमा जिले से एक बेहद सकारात्मक पहल की गई है, जिसे बहुत जल्द समूचे झारखंड राज्य में लागू किया जाएगा।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: कीनन स्टेडियम में दिखा टी-20 का असली रोमांच, सुपर ओवर में जमशेदपुर स्टूडेंट क्लब ने मॉर्डन क्रिकेट क्लब को चटाई धूल!
प्रदेश कार्यकारिणी की जल्द होगी घोषणा
नए अध्यक्ष और महासचिव ने भरोसा दिलाया कि संगठन का विस्तार राज्य के सभी 24 जिलों में किया जाएगा और पूरी प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा भी जल्द ही कर दी जाएगी। कार्यक्रम को प्रदेश सचिव जावेद इस्लाम, हजारीबाग अध्यक्ष कृष्णा गुप्ता, कोडरमा अध्यक्ष कुमार रमेशम, महासचिव अनिल सिंह और शौकत खान ने भी संबोधित किया। इस बैठक को सफल बनाने में रामगढ़ जिला इकाई की अहम भूमिका रही। मौके पर राजीव गुप्ता, अजय कुमार, अर्जुन सोनी, भावेश मिश्रा, अभय सिंह, अजय मिश्रा, संजय कुमार यादव, सोनी कुमारी, मासूम अंसारी, राकेश सिंह, रामकृष्ण मेहता, रवि कुमार, रंजीत कुमार सिंह समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए सैकड़ों पत्रकार मौजूद रहे।


