
जमशेदपुर .
ट्रेनों की लगातार बढ़ती लेटलतीफी को लेकर रेल यात्रियों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। साकची गोलचक्कर पर रविवार को रेल यात्री संघर्ष समिति की ओर से हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान जमशेदपुर पश्चिम के विधायक Saryu Roy ने रेलवे प्रशासन पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि समिति फिलहाल शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रही है, लेकिन इसे रेलवे प्रशासन कमजोरी समझने की भूल न करे। यदि जरूरत पड़ी तो यात्री रेल ट्रैक पर उतरकर आंदोलन करने को भी मजबूर होंगे।
“रेलवे नियम-कानूनों को दिखा रहा ठेंगा”
विधायक सरयू राय ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर किसके आदेश पर यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि देशभर में रेलवे का इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से विकसित हुआ है, लेकिन टाटानगर रेलवे क्षेत्र आज भी उपेक्षा का शिकार है।
उन्होंने कहा कि यात्रियों की सिर्फ एक मांग है कि ट्रेनों को समय पर चलाया जाए। रोजाना हजारों यात्री देरी से चलने वाली ट्रेनों के कारण परेशान हो रहे हैं, लेकिन रेलवे प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा।
आंदोलन को मिल रहा जनसमर्थन
रेल यात्री संघर्ष समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह ने कहा कि आंदोलन को लगातार जनता का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि 18 मई को बर्मामाइंस और 19 मई को मानगो में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, जबकि 24 मई को घाटशिला में बड़ा जनअभियान आयोजित होगा।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी पूर्वी सिंहभूम के विभिन्न इलाकों से लोग ट्रेनों की लेटलतीफी के खिलाफ अपनी आवाज उठा रहे हैं। यदि इसके बाद भी रेलवे नहीं चेता, तो समिति रेलमंत्री तक अपनी बात पहुंचाएगी।
वक्ताओं ने रेलवे पर साधा निशाना
कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने रेलवे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि यह आंदोलन यात्रियों के हक की लड़ाई है। कन्हैया सिंह ने कहा कि रेलवे जनता को हल्के में ले रहा है, जो उसकी बड़ी भूल साबित हो सकती है।
वहीं सतीश सिंह ने चक्रधरपुर मंडल पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। अजय कुमार ने कहा कि ट्रेनों को समय पर चलाना रेलवे की जिम्मेदारी है और जनता इसे लेकर अब चुप नहीं बैठेगी। उषा यादव और कुलविंदर सिंह पन्नू ने भी यात्री ट्रेनों को प्राथमिकता देने की मांग उठाई।
READ MORE :Train coach codes : ट्रेन में GS, SL, B1, A1 का क्या होता है मतलब? रेलवे ने खत्म किया यात्रियों का कंफ्यूजन!
लोगों को बांटे गए पर्चे
अभियान के दौरान विधायक सरयू राय समेत कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने राहगीरों को पर्चे बांटे और QR कोड स्कैन कर अपनी शिकायत दर्ज कराने की अपील की। कार्यक्रम के सफल संचालन में नीरज सिंह और सुनील सिंह की अहम भूमिका रही। धन्यवाद ज्ञापन विवेक पांडेय ने किया।



