
अस्पताल की खिड़की से गिरे सब इंस्पेक्टर
बिहार की राजधानी पटना से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पटना के दीघा थाना क्षेत्र स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के सब इंस्पेक्टर विजय सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि वह अस्पताल की खिड़की से नीचे गिर गए, जिससे उनकी जान चली गई। विजय सिंह को पेट की गंभीर बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस घटना के बाद से अस्पताल परिसर और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

READ MORE..MADHUBANI NEWS: बिहार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के काफिले पर जानलेवा हमला, गाड़ी के शीशे तोड़े
पेट दर्द और लूज मोशन के बाद हुए थे भर्ती
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजय सिंह की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। पेट संबंधी गंभीर समस्या और लगातार लूज मोशन की शिकायत के बाद उन्हें बीते 3 जून को इलाज के लिए दीघा के एशियन सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन रविवार को अचानक उनकी मौत की खबर सामने आई। खिड़की से गिरने की इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि यह महज एक हादसा है या इसके पीछे कोई और वजह है।
राजस्थान के रहने वाले थे विजय सिंह
मृतक की पहचान राजस्थान के भरतपुर जिले के निवासी 44 वर्षीय विजय सिंह के रूप में हुई है। वह ITBP में सब इंस्पेक्टर (SI) के पद पर कार्यरत थे। वर्तमान में उनकी तैनाती सारण (छपरा) जिले के जलालपुर स्थित ITBP कैंप में वायरलेस शाखा (टेलीकॉम विभाग) में थी। वह ड्यूटी के सिलसिले में बिहार में रह रहे थे और अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पटना रेफर किया गया था।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: NTHA के आशीष और प्रेमचंद ने भारत को दिलाया अंडर-18 एशिया कप का गोल्ड, फाइनल में जापान को 4-1 से रौंदा
दीघा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही दीघा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और वहां मौजूद डॉक्टरों व मेडिकल स्टाफ से पूछताछ कर रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि सब इंस्पेक्टर खिड़की के पास कैसे पहुंचे और वहां से कैसे गिरे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।


