
पटना/मधुबनी: बिहार सरकार के श्रम संसाधन, प्रवासी श्रमिक कल्याण, युवा रोजगार एवं कौशल विभाग के मंत्री और खजौली से विधायक अरुण शंकर प्रसाद पर शनिवार को उनके ही क्षेत्र में जानलेवा हमला हुआ है। यह घटना तब घटी जब वे खजौली विधानसभा के ठाहर गांव में एक सड़क दुर्घटना के पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे। हमले में मंत्री बाल-बाल बच गए, लेकिन आक्रोशित भीड़ ने उनके काफिले की गाड़ियों पर पथराव कर दिया, जिससे उनके वाहन का पिछला शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। घटना में मंत्री के अंगरक्षकों को भी चोटें आई हैं।

सड़क दुर्घटना और शराब तस्करों से जुड़ा है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठाहर गांव के रहने वाले जुगे ठाकुर के पुत्र कृष्ण कुमार ठाकुर की हाल ही में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस की मिलीभगत से शराब तस्करों का नेटवर्क सक्रिय है। जिस वाहन से कृष्ण कुमार ठाकुर की मौत हुई थी, वह कथित तौर पर शराब कारोबारियों से जुड़ा था। पुलिस की सुस्त कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने मंत्री के पहुंचते ही पुलिस प्रशासन के खिलाफ उग्र नारेबाजी शुरू कर दी और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
READ MORE..Aaj Ka Rashifal:08 जून 2026 सोमवार का पंचांग और राशिफल जानें माँ मातंगी ज्योतिष केंद्र के साथ
महिलाओं को आगे कर किया गया पथराव
मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और न्याय का भरोसा दिलाया। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने भी कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। जब मंत्री लौट रहे थे, तभी कुछ असामाजिक तत्वों ने महिलाओं और बच्चों को आगे करके उनके काफिले को घेर लिया। देखते ही देखते भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। सुरक्षाकर्मियों और समर्थकों ने किसी तरह मोर्चा संभालकर मंत्री को सुरक्षित निकाला। घटना के बाद वे देर शाम तक कलुआही थाने में मौजूद रहे और फिर पटना के लिए रवाना हो गए।
एसपी और डीआईजी पहुंचे मौके पर, स्पीडी ट्रायल की तैयारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए दरभंगा के डीआईजी और मधुबनी एसपी योगेंद्र कुमार तुरंत कलुआही थाना पहुंचे। एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान कर ली गई है, जिसमें एक पुरुष और चार-पांच महिलाएं शामिल हैं। दोषियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाकर छापेमारी की जा रही है। आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कर मामला ‘स्पीडी ट्रायल’ के तहत चलाया जाएगा ताकि उन्हें जल्द से जल्द सजा मिल सके।
READ MORE..MADHUBANI NEWS: पत्रकार अजयधारी सिंह को थाने में बिठाने का मामला गरमाया, तीसरे दिन भी काली पट्टी बांधकर जताया विरोध
मंत्री ने राजद पर लगाया सुनियोजित साजिश का आरोप
इस हमले से स्तब्ध मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने फेसबुक पर लिखा कि खजौली के ठाहर गांव में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के असामाजिक और उग्र कार्यकर्ताओं द्वारा एक सुनियोजित रणनीति के तहत उन पर जानलेवा हमला किया गया। उन्होंने ईश्वर की कृपा से खुद को सुरक्षित बताते हुए समर्थकों को आश्वस्त किया कि पुलिस और कानून अपना काम कड़ाई से कर रहे हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।



