
हाजीपुर |

यात्रियों की सुविधा और तेज, सुरक्षित रेल सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूर्व मध्य रेलवे क्षेत्राधिकार से होकर 05 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन प्रारंभ किया जा रहा है। ये सभी ट्रेनें अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी और लंबी दूरी की यात्रा को अधिक आरामदायक बनाएंगी। इन ट्रेनों का उद्घाटन स्पेशल के रूप में संचालन 17 एवं 18 जनवरी 2026 से किया जाएगा।
हावड़ा–आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस
गाड़ी संख्या 13065/13066 हावड़ा–आनंद विहार–हावड़ा अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन 18 जनवरी 2026 को 03065 संतरागाछी–आनंद विहार उद्घाटन स्पेशल के रूप में किया जाएगा। यह ट्रेन संतरागाछी से दोपहर 2:45 बजे रवाना होकर दुर्गापुर, आसनसोल, धनबाद, गोमो, पारसनाथ, कोडरमा, गया, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड और डीडीयू समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन रात 9:30 बजे आनंद विहार पहुंचेगी।
सियालदह–बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस
गाड़ी संख्या 22587/22588 सियालदह–बनारस–सियालदह अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन भी 18 जनवरी को 03141 संतरागाछी–बनारस उद्घाटन स्पेशल के रूप में होगा। यह ट्रेन दुर्गापुर, आसनसोल, मधुपुर, जसीडीह, पटना और डीडीयू होते हुए बनारस पहुंचेगी।
पनवेल–अलीपुरद्वार अमृत भारत एक्सप्रेस
गाड़ी संख्या 11031/11032 पनवेल–अलीपुरद्वार–पनवेल अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन 17 जनवरी 2026 को 01032 सिलीगुड़ी–पनवेल उद्घाटन स्पेशल के रूप में किया जाएगा। यह ट्रेन कटिहार, खगड़िया, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सोनपुर, आरा, बक्सर और डीडीयू जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
डिब्रूगढ़–गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस
गाड़ी संख्या 15949/15950 डिब्रूगढ़–गोमतीनगर–डिब्रूगढ़ अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन 18 जनवरी को किया जाएगा। यह ट्रेन असम, बिहार और उत्तर प्रदेश के कई बड़े स्टेशनों को जोड़ते हुए यात्रियों को तेज और सुगम यात्रा सुविधा देगी।
कामाख्या–रोहतक अमृत भारत एक्सप्रेस
गाड़ी संख्या 15671/15672 कामाख्या–रोहतक–कामाख्या अमृत भारत एक्सप्रेस भी 18 जनवरी 2026 से उद्घाटन स्पेशल के रूप में चलेगी। यह ट्रेन कटिहार, खगड़िया, बेगूसराय, बरौनी, हाजीपुर और सोनपुर होते हुए रोहतक पहुंचेगी।
नियमित परिचालन की सूचना जल्द
रेलवे प्रशासन ने बताया कि इन सभी ट्रेनों के नियमित परिचालन का समय और तिथि अलग से जारी की जाएगी। नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों से पूर्व मध्य रेल क्षेत्र के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।



