
जमशेदपुऱ। 9 बटालियन एनडीआरएफ की एक टीम ने सदर अस्पताल जमशेदपुर में स्थित सिविल सर्जन कार्यालय में कोरोना वायरस पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। करोना वायरस संक्रमण से बचाव हेतु अपनाये जाने वाले सुरक्षात्मक उपायों पर आधारित इस जागरूकता कार्यक्रम में जिला के विभिन्न सरकारी अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थय केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के सभी स्तर के चिकित्सा कार्मिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। एनडीआरएफ टीम का नेतृत्व सहायक कमान्डेंट विनय कुमार ने किया।


जागरूकता कार्यक्रम में कोरोना वायरस से बचाव हेतु सुरक्षात्मक उपायों को लेक्चर तथा डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से बताया गया। टीम ने बताया कि करोना वायरस संक्रमण से बचाव हेतु सावधानी बरतना जरूरी है। यह एक संक्रामक बीमारी है। अतः किसी भी व्यक्ति से हाथ मिलाने से परहेज करें। हाथ मिलाने के वजाय दोनों हाथों से नमस्ते करके अभिवादन करें। संक्रमण से बचने के लिए मास्क का इस्तेमाल करें। सरकारी संस्थाओं द्वारा जारी किए जा रहे एडवाइजरी को ध्यान से पढ़ें तथा उसका पालन करें। यदि किसी व्यक्ति को सिर दर्द, थकान, खाँसी व जुकाम, गले में खरास, बुखार, साँस लेने में तकलीफ आदि के लक्षण मालूम हो तो तुरन्त अस्पताल पहुँचे और डॉक्टर से परामर्श लें। किसी भी परिस्थिति में घबड़ाये नहीं। धैर्य व सूझबूझ से काम करें।
ध्यान दें स्वयं खाँसते अथवा छींकते समय अपने मुँह एवं नाक को टीसु पेपर अथवा कोहनी से जरूर ढकें। अपना चेहरा खासकर नाक-कान अथवा आँख को छुने से पहले साबुन एवं पानी से हाथों को अच्छी तरह से धोयें। भीड़ वाली जगहों पर बेवजह जाने से परहेज करें। कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों में इसकी आशंका ज्यादा होती है। इसलिए सेहतमन्द खानपान का ध्यान रखना जरूरी है। कार्यक्रम के आखिर में उपस्थित प्रतिभागियों को मास्क एवं बचाव सूट पहनने का तरीका भी डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से बताया गया।

