
जमशेदपुर।


उपायुक्त अमित कुमार की अध्यक्षता में उन्हीं के कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सम्बंधी विभिन्न बिन्दुओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। उपायुक्त ने यातायात पुलिस उपाधीक्षक श्री विवेकानन्द ठाकुर को निदेश दिया कि सभी थानों से उनके क्षत्रों में मौजूद दुर्घटना संभावित स्थलों का प्रतिवेदन मांगते हुए समेकित प्रतिवेदन जिला में उपलब्ध कराएं ताकि दुर्घटनाओं को रोकने हेतु यथासम्भव मानवीय प्रयास किये जा सकें। बैठक में प्रतिवेदित किया गया कि शहर के कई महत्वपूर्ण इलाकों में पहले से ही सीसीटीभी कैमरे अधिष्ठापित हैं जिनका कई मामलों में बेहतर परिणाम मिल रहा है। उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को निदेशित किया कि शहर के महत्वपूर्ण इलाकों के अलावा एनएच 33 पर स्थान चिन्हित कर कम से कम 10 जगह गति निगरानी कैमरे अधिष्ठापित करें। कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण को निदेश दिया गया कि दुर्घटना संभावित स्थानों पर रम्बल स्ट्रिप तथा चेतावनी परक साईन बोर्ड लगवाना सुनिश्चित करें। डीटीओ तथा डीएसपी ट्रैफिक संयुक्त रूप से अभियान चलाकर शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों को ब्रेथ एनालाईजर की मदद से जांच कर उनका ड्राईवींग लाईसेंस निलम्बित करें। सिविल सर्जन को निदेशित किया गया कि बहरागोड़ा स्थित ट्रामा संेटर को संचालनात्मक स्थिति में लाने के लिए आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराएं। इस मौके पर उपायुक्त के अलावा उप विकास आयुक्त, पुलिस अधीक्षक यातायात, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, दोनों अधिसूचित क्षेत्रों के पदाधिकारी तथा गैर सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद थे।

