घाटशिला।
माओवाद को समाप्त करने के लिए विकास कार्यों के साथ-साथ एंटी नक्सल ऑपरेशन भी तेज होगा। पूरे देश में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें काफी सफलता भी मिली है।
यह बातें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के विजय कुमार ने कहीं। गुरुवार को मऊभंडार स्थित एचसीएल-आईसीसी के डायरेक्टर बंगलो में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड, प. बंगाल, ओडिशा, बिहार, छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों में तेजी लायी जा रही है। क्योंकि आम जनता विकास के साथ शांति चाहती है।
तीनों राज्यों की पुलिस को समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश
के विजय कुमार ने कहा कि झारखंड के साथ प. बंगाल और ओडिशा के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर एंटी नक्सल ऑपरेशन पर चर्चा की गई। साथ ही उन्हें समन्वय (को-आर्डिनेशन) बनाकर काम करने को कहा गया है। माओवादियों की सक्रियता पर नजर रखने के साथ ही नक्सल प्रभावित इलाकों में अभियान चलाने व विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये गये हैं।
सीआरपीएफ का प्रशिक्षण भवन देखने आये थे
कहा, मुसाबनी समेत दो स्थानों पर सीआरपीएफ के प्रशिक्षण भवन बन रहे हैं, जिसे देखने आये थे। इस दौरान उनके साथ पुलिस के कई आला अधिकारी भी मौजूद थे।
तीनों राज्यों के वरीय पुलिस अधिकारियों संग की बैठक
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के विजय कुमार ने गुरुवार को आईसीसी के डायरेक्टर बंगलो में झारखंड, प. बंगाल और ओडिशा के एडीजी और आईजी रैंक के पुलिस तथा सीआरपीएफ अधिकारियों के साथ बैठक की। सुबह साढ़े दस बजे के विजय कुमार हेलीकॉप्टर से मऊभंडार गोल्फ ग्राउंड पहुंचे, जहां से वे पैदल डायरेक्टर बंगलो पहुंचे। यहां घंटों बैठक कर अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस दौरान एंटी नक्सल मूवमेंट पर चर्चा कर सभी को को-आर्डिनेशन बनाकर काम करने का निर्देश दिया। इसके बाद मुसाबनी में बन रहे सीआरपीएफ के प्रशिक्षण भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ झारखंड के एडीजी (अभियान) एसएन प्रधान, एडीजी (प्रशिक्षण) अनुराग गुप्ता, आईजी एसएस भाटिया, कोल्हान के डीआईजी शंभू ठाकुर, प. बंगाल के आईजी ज्ञानवंत सिंह, ओडिशा के बालासोर के डीआईजी घनश्याम उपाध्याय, एसपी (मयूरभंज) गदाधर प्रधान, एसएसपी (जमशेदपुर) अनूप टी मैथ्यू, ग्रामीण एसपी मो. अर्सी, एसडीपीओ संजीव कुमार बेसरा समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। शाम चार बजे के विजय कुमार हेलीकॉप्टर से लौट गये। इस दरम्यान पूरे निदेशक बंगलो को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था।



