
(रांची): झारखंड में क्रिकेट के महाकुंभ ‘झारखंड टी-20 लीग’ (Jharkhand T20 League) का बिगुल बज चुका है। क्रिकबैटल द्वारा संचालित इस प्रतिष्ठित लीग के आगामी सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी (Auction) बेहद रोमांचक अंदाज में संपन्न हुई। राज्य की छह प्रमुख फ्रेंचाइजी टीमों ने अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को अपने खेमे में शामिल करने के लिए जमकर पैसे लुटाए। इस नीलामी में जहां कुछ युवा खिलाड़ियों की किस्मत रातों-रात चमक गई, वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर के कुछ बड़े नामों की कम कीमत ने क्रिकेट प्रशंसकों को काफी हैरान किया है।

रॉबिन मिंज पर कोयलाचंल ने खोला खजाना
नीलामी के दौरान सबसे बड़ा धमाका युवा सनसनी रॉबिन मिंज ने किया। कोयलान्चल सुपर किंग्स ने रॉबिन मिंज की प्रतिभा पर सबसे बड़ा दांव खेलते हुए उन्हें ऑक्शन में 1525K की भारी-भरकम रकम देकर खरीदा। इस शानदार बोली के साथ ही रॉबिन मिंज इस लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। कोयलान्चल ने इसके अलावा शुभ शर्मा को 700K और उत्कर्ष सिंह को 625K में खरीदकर अपनी टीम को काफी आक्रामक और संतुलित बना लिया है।
ईशान किशन की कीमत ने सबको चौंकाया
टी-20 ऑक्शन का सबसे बड़ा उलटफेर अंतरराष्ट्रीय स्टार ईशान किशन की बोली के दौरान देखने को मिला। क्रिकेट पंडितों को उम्मीद थी कि ईशान किशन पर टूर्नामेंट की सबसे बड़ी बोली लगेगी, लेकिन संथाल स्ट्राइकर्स ने उन्हें मात्र 625K में खरीद लिया। यह कीमत कई घरेलू और युवा खिलाड़ियों से भी कम रही, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इसके अलावा, संथाल स्ट्राइकर्स ने सुमित कुमार और अरविंद कुमार जैसे धाकड़ खिलाड़ियों पर 600K-600K खर्च कर अपनी ऑक्शन रणनीति को स्पष्ट कर दिया है।
विराट सिंह और अन्य दिग्गजों पर लगा भारी दांव
अन्य फ्रेंचाइजियों ने भी अपनी टीम की जरूरत के हिसाब से जमकर पैसे खर्च किए। छोटा नागपुर रॉयल्स ने अनुभवी बल्लेबाज विराट सिंह पर 1300K की बड़ी बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम का मुख्य हथियार बनाया। वहीं, जमशेदपुर स्टीलर्स ने मोहम्मद कौनैन कुरैशी पर 1250K लुटाकर सबको चौंका दिया। धनबाद डायमंड्स ने सुशांत मिश्रा को 1100K में और रांची टाइटंस ने शिखर मोहन को 1100K में खरीदकर अपनी-अपनी टीमों को मजबूती प्रदान की है।
READ MORE :Jamshedpur News : सरयू राय हर बार असामान्य ही करते हैं
किस टीम के पर्स में बची कितनी रकम?
नीलामी के इस रोमांचक दौर के बाद अगर टीमों के पर्स (Purse) की बात करें, तो संथाल स्ट्राइकर्स के पास अभी भी सबसे अधिक 1470K की राशि बची हुई है। दूसरी तरफ, रांची टाइटंस ने सबसे ज्यादा आक्रामक खरीदारी की है, जिसके चलते उनके पास सबसे कम मात्र 380K का पर्स शेष रह गया है। छोटा नागपुर रॉयल्स के पास 1275K और जमशेदपुर स्टीलर्स के पास 1195K की राशि बाकी है। टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार सभी टीमों को 16 से 18 खिलाड़ी चुनने हैं, और फिलहाल लगभग सभी ने 10 से 13 खिलाड़ी अपनी टीम में शामिल कर लिए हैं। इस ऑक्शन ने साफ कर दिया है कि झारखंड टी-20 लीग का यह सीजन बेहद कांटेदार और रोमांचक होने वाला है।


