
रांची। टाटा एआईजी जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड ने अंतरराष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस पर लातेहार के उदयपुरा खेल मैदान में ‘नारी शक्ति, समृद्धि की पहचान’ कार्यक्रम आयोजित किया। इसके तहत किसानों को फसल बीमा के लाभ बताए गए। कार्यक्रम में बाइक रैली निकाली गई और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए महिला किसानों के बीच दो दर्जन से अधिक हेलमेट बांटे गए। कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले किसानों को शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में किसानों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कृषि, बैंकिंग एवं ग्रामीण विकास क्षेत्र के अधिकारियों ने भाग लिया। किसानों को फसल बीमा की पात्रता, कवरेज और पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी गई। उन्हें 31 दिसंबर 2026 तक नजदीकी प्रज्ञा केंद्र या बैंक के माध्यम से आलू, चना, राई, सरसों और गेहूं जैसी अधिसूचित फसलों का बीमा कराने के लिए प्रेरित किया गया।
कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि फसल बीमा सूखा, बाढ़, ओलावृष्टि, कीट और बीमारी से होने वाले नुकसान समेत अधिसूचित जोखिमों के आर्थिक प्रभाव को कम करने में मदद करता है। योजना के प्रावधानों के तहत बुवाई नहीं हो पाने और कटाई के बाद होने वाले कुछ नुकसान भी शामिल हैं।
टाटा एआईजी के स्टेट हेड राजेंद्र सिंह समेत अन्य प्रतिनिधियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में बीमा जागरूकता बढ़ाने और किसानों की आर्थिक सुरक्षा मजबूत करने पर जोर दिया।

