हजारीबाग ।
हजारीबाग से बरकाकाना के बीच बुधवार से रेल सफर शुरू हो गया। नई दिल्ली के रेल भवन में रेल मंत्री सुरेश प्रभु और सीएम रघुवर दास ने वीडियो लिंक के जरिए इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। वहीं हजारीबाग में केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर इस ट्रेन को रवाना किया। मंत्री ने खुद ट्रेन में सफर किया।
15 रुपए में 57 किलोमीटर की यात्रा…
– पहली बार चली ट्रेन में लोगों ने 15 रुपए में 57 किलोमीटर की यात्रा की। अब यहां के लोगों को सीधे रांची जाने का इंतजार है। हजारीबाग से रांची रेल लाइन का काम भी प्रगति पर है।
– मालूम हो कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के काफी संघर्ष के बाद 1999 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने कोडरमा-बरकाकाना रेल खंड का शिलान्यास हजारीबाग में किया था।
– करीब 16 वर्षों के बाद कोडरमा-हजारीबाग रेल परिचालन का उद्घाटन 20 फरवरी 2015 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया।
– तब से हजारीबाग से कोडरमा तक पैसेंजर माल गाड़ियों का परिचालन हो रहा है। लेकिन बरकाकाना से रेलवे लाइन नहीं जुड़ पाने के कारण हजारीबाग वासियों के लिए रेल का सपना अधूरा साबित हो रहा था। बुधवार को यह सपना पूरा हो गया।
– हजारीबाग से बरकाकाना स्टेशन की दूरी 57 किमी है। अब यहां के लोग बरकाकाना स्टेशन से अन्य क्षेत्रों में भी ट्रेन का सफर कर सकते हैं।
ये होगा लाभ
–हजारीबाग के सवारियों को बरकाकाना तक रेल सेवा मिलने के बाद सवारी देश के किसी भी कोने में रेल से सफर कर सकते हैं। हजारीबाग से बरकाकाना स्टेशन तक 15 रुपए रेल का किराया रखा गया है।
ट्रेन के आने-जाने का समय
– पैसेंजरट्रेन अप कोडरमा से हजारीबाग स्टेशन 8.20 बजे पहुंचेगी। स्टेशन से 8.30 बजे बरकाकाना के लिए रवाना होगी। दूसरी ट्रेन 15.15 बजे हजारीबाग पहुंचेगी और 15.20 बजे रवाना होगी।
– बरकाकाना से डाउन ट्रेन 7.40 बजे हजारीबाग पहुंचेगी जो 7.45 बजे रवाना होगी। दूसरी ट्रेन 19.40 बजे पहुंचेगी जो 19.45 बजे रवाना होगी।
– हजारीबाग से बरकाकाना के लिए 15 रुपए किराया रखा गया है। जबकि कोडरमा के लिए पूर्व से 20 रुपए किराया निर्धारित है। हजारीबाग स्टेशन से बरकाकाना के बीच बेस, चरही, मांडू, कुजू अरगड्डा स्टेशन बनाया गया है।