
जामताड़ा।
दुर्घटना में घायल आदिवासी महिला को जामताड़ा सदर अस्पताल में बेड नहीं मिलने के मामले को भाजपा ने पकड़ लिया है। इस मामले को उठाते हुए भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल, जिला अध्यक्ष सोमनाथ सिंह ने स्थानीय विधायक इरफान अंसारी से इस्तीफा मांगा है। ज्ञात हो कि गुरुवार को सड़क दुर्घटना में महिला घायल हो गई थी। सूचना मिलने पर भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल जिलाध्यक्ष और अपने समर्थकों के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। देखा की दुर्घटना में घायल एक आदिवासी महिला को अस्पताल के फर्श पर लेटा दिया गया था। अस्पताल कर्मचारियों के इस लापरवाह एवं अमानवीय रवैया को देख भाजपा नेताओं ने प्रतिवाद किया।

भाजपा नेताओं द्वारा विरोध करने पर आनन-फानन में सदर अस्पताल जामताड़ा द्वारा बेड मुहैया करा दी गई। घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल ने कहा कि आदिवासी हित के नाम पर वोट मांगने वाले हेमंत सोरेन सरकार में आदिवासियों का ही सबसे अधिक शोषण हो रहा है। मंडल ने कहा स्थानीय विधायक इरफान अंसारी केवल आदिवासियों के बीच में जाकर अपने को आदिवासी का समर्थक बताते है। परंतु यह इरफान अंसारी का ढोंग है। इरफान अंसारी का असली चेहरा कुछ और ही है। जामताड़ा में आदिवासियों का जो शोषण इरफान अंसारी कर रहा है वह नजरों पर दिखाई दे रहा है। अस्पतालों में अव्यवस्था, सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार, झारखंड में केवल माफिया खुश है बाकि जनता बदहाल है। मंडल ने कहा इरफान अंसारी के विधानसभा क्षेत्र में आदिवासी घायल महिला को सरकारी अस्पताल में बेड न मिलना विधायक को जनप्रतिनिधि कहलाने का कोई हक नहीं है।
भाजपा जिला अध्यक्ष सोमनाथ सिंह ने रोष प्रकट करते हुए मामले को गंभीर बताया अस्पतालों में मरीजों को देखने वाला कोई नहीं है। सिंह ने कहा समर्थ व्यक्ति बड़े अस्पतालों में चले जाते हैं परंतु गरीब जाए तो जाए कहां। उसका एक मात्र आसरा सरकारी अस्पताल ही होता है। जहां पर ऐसी अव्यवस्था कि घायल आदिवासी महिला को बेड ना मिले दुर्भाग्यपूर्ण के साथ-साथ अमानवीय है। आखिर हेमंत सोरेन सरकार किस मुंह से आदिवासियों का संरक्षक बताते फिरते है। स्थानीय विधायक इरफान अंसारी क्षेत्र के विकास कार्यों, व्यवस्था सुधार, गरीब कल्याण के काम के अतिरिक्त वह सभी उटपटांग काम और वक्तव्य देते हैं जिसकी कोई आवश्यकता ही नहीं है। जिला अध्यक्ष सोमनाथ सिंह ने विधायक इरफान अंसारी से इस्तीफे की मांग की। मौके पर जिला महामंत्री प्रवास हेंब्रम, जिला उपाध्यक्ष अभय सिंह विष्णु मंडल, भाजयुमो जिला अध्यक्ष अनूप पांडेय, मिहिजाम नगर अध्यक्ष मुकेश यादव सहित भारी संख्या में भाजपा समर्थक उपस्थित थे।

