जामताड़ा: जिले का ऐतिहासिक गांगूडीह गांव जल्द ही झारखंड के पर्यटन मानचित्र पर अपनी एक अलग और विशिष्ट पहचान बनाने जा रहा है। झारखंड निर्माता और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की इस पवित्र कर्मभूमि को अब एक शानदार पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी जोरों पर है। यह बड़ी जानकारी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के युवा नेता सह कोषाध्यक्ष प्रदीप मंडल ने शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर गांगूडीह गांव में आयोजित एक विशेष श्रद्धांजलि सभा के दौरान दी।
READ MORE :JAMTARA NEWS: सामाजिक अन्याय के विरुद्ध जामताड़ा को दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने बनाया था प्रारंभिक मंच, पुण्यतिथि पर मनोज झा ने दी श्रद्धांजलि
महाजनी प्रथा के खिलाफ गांगूडीह से ही फूंका था बिगुल
प्रदीप मंडल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गांगूडीह महज एक गांव नहीं, बल्कि झारखंड आंदोलन की एक जीवित निशानी है। शिबू सोरेन ने इसी गांगूडीह गांव से शोषक महाजनी प्रथा के विरुद्ध अपने ऐतिहासिक आंदोलन का बिगुल फूंका था। यहीं से शुरू हुई उस क्रांति की आग धीरे-धीरे पूरे इलाके और झारखंड में फैल गई। स्थानीय लोगों ने उनके इस जन-आंदोलन को अपना भरपूर समर्थन दिया, जिसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। यह स्थल उनके उसी अदम्य साहस और लंबे संघर्ष की गवाही देता है।
पर्यटन विभाग ने किया सर्वे, तैयार हो रहा डीपीआर (DPR)
श्रद्धांजलि सभा में यह अहम जानकारी साझा की गई कि झारखंड सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा गांगूडीह गांव का विस्तृत सर्वे कार्य पूरा कर लिया गया है। वर्तमान में इसे एक राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए डीपीआर (Detailed Project Report) तैयार किया जा रहा है। झामुमो नेताओं ने बताया कि शिबू सोरेन जीवन भर गरीबों, शोषितों और वंचितों की आवाज उठाते रहे। उनके इसी त्याग और लंबे आंदोलन का परिणाम है कि वर्ष 2000 में अलग झारखंड राज्य का सपना साकार हुआ।
समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही योजनाएं
प्रदीप मंडल ने कहा कि आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड राज्य की बागडोर सुरक्षित हाथों में है और राज्य में विकास के कार्य काफी तेजी से हो रहे हैं। सरकार की सभी महत्वाकांक्षी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में केंद्रीय कार्य समिति सदस्य सह सांसद प्रतिनिधि अशोक मंडल, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष सगीर खान, प्रखंड अध्यक्ष देवीषण हांसदा, झामुमो नेता इम्तियाज अंसारी, लालू अंसारी, रिजवान शेख, सुधांशु शेखर, सादिक अंसारी, ताहा अंसारी, राजीव राणा और अमन अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर गुरु जी को नमन किया।
