जामताड़ा।
झारखंड में लगातार चरमरा रही स्वास्थ्य व्यवस्था और सरकारी अस्पतालों में मरीजों की मौत के बढ़ते मामलों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा रुख अपना लिया है। शुक्रवार को जामताड़ा समाहरणालय के समक्ष भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक विशाल एकदिवसीय प्रदर्शन किया। पूर्व कृषि मंत्री रणधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस जन-आंदोलन में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर पैदल मार्च करते हुए समाहरणालय तक विरोध प्रदर्शन किया, जो बाद में एक विशाल जनसभा में तब्दील हो गया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: JPSC-JSSC पेपर लीक मामले पर भाजपा का मशाल जुलूस, CBI जांच की मांग तेज
स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले में मौत का तांडव:
बाबूलाल मरांडी नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जब से इरफान अंसारी ने स्वास्थ्य मंत्रालय का जिम्मा संभाला है, पूरे राज्य की चिकित्सा व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। एंबुलेंस सेवाएं खराब स्थिति में हैं और सरकारी अस्पताल इलाज के बजाय मौत के केंद्र बन चुके हैं। उन्होंने जामताड़ा (जो स्वास्थ्य मंत्री का गृह जिला है) में हाल ही में इलाज के अभाव में एक प्रसूता और उसके नवजात की मौत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जो मंत्री अपने ही क्षेत्र में लोगों की जान नहीं बचा पा रहा, उसे नैतिकता के आधार पर तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।
आवाज उठाने वालों पर हो रहे झूठे मुकदमे
मरांडी ने आरोप लगाया कि जो भी नागरिक या नेता स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली पर सवाल उठाता है, यह सरकार उन पर झूठे मुकदमे दर्ज कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास करती है। इसके अलावा, उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को राज्य की खनिज संपदा की खुलेआम हो रही लूट के मुद्दे पर भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य के मुद्दे पर भाजपा किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।
पूरे राज्य में फैलेगा आंदोलन, मंत्री की बर्खास्तगी की मांग
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री रणधीर कुमार सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था लगातार चौपट हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जामताड़ा से शुरू हुआ यह आंदोलन अब झारखंड के सभी 24 जिलों में व्यापक रूप से चलाया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वह अविलंब विफल स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को बर्खास्त करें। इस मौके पर पूर्व सांसद सुनील सोरेन, भाजपा नेत्री सीता सोरेन और प्रदेश कार्य समिति सदस्य हरिमोहन मिश्रा सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।