
जमशेदपुर: शहर में सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम कसने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए जिला प्रशासन सख्त हो गया है। समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त (DC) राजीव रंजन की अध्यक्षता में यातायात एवं सड़क सुरक्षा की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें दुर्घटनाओं की रोकथाम और हिट एंड रन मामलों में मुआवजा भुगतान जैसे अहम विषयों पर बड़े फैसले लिए गए।


जून माह में 475 लाइसेंस सस्पेंड, 27 लाख जुर्माना
बैठक में जून माह की रिपोर्ट पेश की गई, जिसमें यातायात नियम तोड़ने वालों पर हुई बड़ी कार्रवाई की जानकारी दी गई। यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने 475 ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड किए हैं, साथ ही 27 लाख 25 हजार 150 रुपये का जुर्माना वसूला है। समीक्षा में पाया गया कि जून माह में कुल 24 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 11 लोगों की मृत्यु हो गई और 15 लोग घायल हुए। इन हादसों का मुख्य कारण गलत दिशा में ड्राइविंग, ओवर स्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव और बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के गाड़ी चलाना रहा।
READ MORE :Jamshedpur News :चर्च स्कूल बेल्डीह डिबेट प्रतियोगिता में केपीएस कदमा बना चैंपियन
हाइवे और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए सख्त निर्देश
सड़क हादसों को रोकने के लिए उपायुक्त ने अधिकारियों और नेशनल हाईवे (NHAI) के प्रतिनिधियों को कई सुधारात्मक कदम उठाने के कड़े निर्देश दिए हैं:
नेशनल हाईवे पर अगले एक माह के भीतर स्पीड गन लगाने और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत करने का निर्देश दिया गया है।
हाइवे पर अवैध पार्किंग के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाकर जुर्माना वसूला जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में हाट-बाजार के दिनों में ड्रिंक एंड ड्राइव को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा।
स्कूल वैन, मालवाहक और यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई होगी और लापरवाही से गाड़ी चलाने वालों के लाइसेंस रद्द किए जाएंगे।
दुर्घटना प्रभावितों को हिट एंड रन, जीआईएस बीमा और आपदा योजना के तहत लंबित मुआवजे का त्वरित भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।


