
जमशेदपुर/पटमदा, 24 अक्टूबर 2026। पूर्वी सिंहभूम के पटमदा और बोड़ाम प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में क्रिकेट के माध्यम से लड़के और लड़कियों के बीच समानता का संदेश पहुंचाने की अनूठी पहल की जा रही है। पटमदा-बोड़ाम प्रीमियर लीग (PBPL) सीजन-2 के दौरान अंडर-16 मिक्स जेंडर क्रिकेट का फाइनल मुकाबला भी आयोजित होगा, जिसमें लड़के और लड़कियां एक ही टीम में खेलते नजर आएंगे।
शनिवार को बोड़ाम के दिघी भुला प्लस टू उच्च विद्यालय मैदान में खेले गए पहले क्वालीफायर मुकाबले में ओलंपियन जयपाल मुंडा एकादश ने पर्वतारोही विनीता सोरेन एकादश को 10 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
विकास महतो की तूफानी पारी, 26 गेंदों में बनाए 59 रन
टॉस जीतकर विनीता सोरेन एकादश ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी जयपाल मुंडा एकादश की ओर से दीपिका महतो और विकास महतो की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत की। दोनों ने शुरुआती चार ओवरों में 47 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
निर्धारित सात ओवरों में जयपाल मुंडा एकादश ने दो विकेट के नुकसान पर 81 रन बनाए।
82 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विनीता सोरेन एकादश निर्धारित ओवरों में दो विकेट खोकर 72 रन ही बना सकी। इस तरह जयपाल मुंडा एकादश ने मुकाबला 10 रन से जीत लिया।
विकास महतो ने महज 26 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 59 रन बनाए। गेंदबाजी में भी उन्होंने एक विकेट हासिल किया। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
31 अक्टूबर को पटमदा में दूसरा क्वालीफायर
मिक्स जेंडर क्रिकेट का दूसरा क्वालीफायर मुकाबला 31 अक्टूबर की सुबह पटमदा स्थित एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय मैदान में खेला जाएगा।
इस मुकाबले में धनुर्धर दीपिका कुमारी एकादश और हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे एकादश आमने-सामने होंगी। दीपिका कुमारी एकादश मिक्स जेंडर विलेज क्रिकेट लीग 2025-26 की चैंपियन टीम भी है।
इस मैच की विजेता टीम 6 नवंबर को ओलंपियन जयपाल मुंडा एकादश के साथ फाइनल खेलेगी।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: छठ से पहले सोनारी और मानगो में लगीं 25 लाइटें, विधायक सरयू राय की पहल से रोशन हुए कई इलाके
2 से 6 नवंबर तक बोड़ाम में PBPL सीजन-2
पटमदा-बोड़ाम प्रीमियर लीग सीजन-2 का आयोजन 2 से 6 नवंबर तक बोड़ाम में किया जाएगा। टूर्नामेंट में पटमदा और बोड़ाम के सुदूर गांवों की पुरुष वर्ग की 10 टीमें हिस्सा लेंगी।
6 नवंबर को पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले से पहले अंडर-16 मिक्स जेंडर क्रिकेट फाइनल आयोजित किया जाएगा। आयोजकों का उद्देश्य इस मुकाबले के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीण दर्शकों तक बालक-बालिका समानता का संदेश पहुंचाना है।
खेल के साथ शिक्षा, माहवारी स्वच्छता और नेतृत्व का संदेश
निश्चय फाउंडेशन की ओर से शुरू की गई मिक्स जेंडर क्रिकेट पहल के माध्यम से बच्चों में लैंगिक समानता के साथ-साथ माहवारी स्वच्छता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक एकता और नेतृत्व क्षमता के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लड़कियों को खेल के समान अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना है।
पहले क्वालीफायर मुकाबले के दौरान निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार, बोड़ाम क्रिकेट कमेटी के वृंदावन महतो, सोमाय लोहार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


