सिदिरसाई स्टेशन से पहले धरूवालुपुंग माहालिडीपा-दामुडीह रेलवे फाटक के पास हुई घटना, यात्रियों ने खुद बुझाई आग
जमशेदपुर। टाटानगर से बादामपहाड़ जा रही मेमू पैसेंजर ट्रेन को गुरुवार शाम रेलवे ट्रैक पर आग लगाए जाने के कारण करीब 10 मिनट तक रोकना पड़ा। घटना सिदिरसाई स्टेशन से पहले धरूवालुपुंग माहालिडीपा-दामुडीह रेलवे फाटक के पास की है। रेलवे ट्रैक पर आग की लपटें देखकर ट्रेन के चालक को एहतियातन ट्रेन रोकनी पड़ी। इसके बाद यात्रियों ने नीचे उतरकर काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई।
मिली जानकारी के अनुसार, टाटानगर से शाम करीब छह बजे रवाना हुई मेमू पैसेंजर ट्रेन हल्दीपोखर स्टेशन पार करने के बाद सिदिरसाई की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान धरूवालुपुंग माहालिडीपा-दामुडीह रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक के बीच और आसपास आग जलती दिखाई दी। ट्रेन को नजदीक आता देखकर आग लगाने वाले कथित शरारती तत्व मौके से फरार हो गए।
रेलवे ट्रैक पर आग की लपटें तेज होने के कारण चालक ने सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन रोक दी। ट्रेन रुकने के बाद कई यात्री नीचे उतरे और आग बुझाने में जुट गए। करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आग पूरी तरह बुझने और स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेन चालक ने ट्रेन को आगे बढ़ाया। इसके बाद मेमू पैसेंजर ट्रेन बादामपहाड़ के लिए रवाना हो गई।
रेलवे ट्रैक पर इस तरह आग लगाए जाने की घटना से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो ट्रेन परिचालन में बड़ी बाधा उत्पन्न हो सकती थी। घटना के पीछे शरारती तत्वों की भूमिका और आग लगाए जाने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

