जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में अपराध नियंत्रण और लंबित आपराधिक मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार (29 अक्टूबर) को ग्रामीण एसपी ने पुलिस उपाधीक्षक, मुसाबनी के क्षेत्राधिकार में आने वाले सभी थानों के प्रभारियों तथा मुसाबनी और जादूगोड़ा के पुलिस निरीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में लंबित आपराधिक मामलों, चोरी की घटनाओं, अवैध हथियारों, मादक पदार्थों और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई। ग्रामीण एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पुराने मामलों के निष्पादन में भी तेजी लाई जाए।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: आशुतोष ने 3 मिनट 47 सेकंड में गाए 50 राग, एशिया रिकॉर्ड
घरों में चोरी और बाइक चोरी के मामलों के लिए SIT गठित
बैठक के दौरान गृहभेदन (घर में सेंधमारी) और मोटरसाइकिल चोरी से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया गया। इन घटनाओं का खुलासा करने और अपराधियों की पहचान के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।
एसआईटी को संबंधित मामलों की जांच करते हुए घटनाओं का खुलासा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
2025 से पहले के लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश
ग्रामीण एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को वर्ष 2025 से पहले के लंबित आपराधिक मामलों की जांच प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा आईटी एक्ट से संबंधित लंबित मामलों का अनुसंधान भी तेजी से पूरा कर उनका निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
अवैध हथियार, नशीले पदार्थ और चोरी की बाइक पर विशेष नजर
अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को स्वयं एंटी क्राइम चेकिंग अभियान में शामिल होने का निर्देश दिया गया।
इस दौरान चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी, अवैध आग्नेयास्त्रों की जब्ती और मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नियमित जांच अभियान चलाएं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: दूसरी ट्रेनों को समय पर चलाने के लिए टाटा–आसनसोल, टाटा–खड़गपुर, टाटा–चाकुलिया समेत कई ट्रेनें रद्द; 12 ट्रेनों का रूट बदला, देखें पूरी लिस्ट
अड्डेबाजी के खिलाफ छापेमारी, पुलिस गश्त बढ़ाने पर जोर
ग्रामीण एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को क्षेत्र में अड्डेबाजी के खिलाफ छापेमारी करने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही कम्युनिटी पुलिसिंग को मजबूत करने और नियमित पुलिस गश्त को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में निर्देश दिया गया कि पुलिस की सक्रिय उपस्थिति आम जनता के बीच दिखाई दे, ताकि लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो।
ग्रामीण एसपी की इस समीक्षा बैठक से स्पष्ट है कि मुसाबनी अनुमंडल में चोरी की घटनाओं का खुलासा, लंबित मामलों का निष्पादन और अपराध नियंत्रण पुलिस की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं।


