
जमशेदपुर। विजयादशमी के अवसर पर जमशेदपुर के रामनगर एयरवेज कॉलोनी सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में मां दुर्गा को भावपूर्ण विदाई दी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में सुहागिन महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार देवी मां को सिंदूर अर्पित किया और मिठाइयों का भोग लगाकर विदाई की रस्म निभाई। इसके बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना की।
बेटी की विदाई की तरह निभाई गई परंपरा
विजयादशमी पर रामनगर एयरवेज कॉलोनी के पूजा पंडाल में धार्मिक आस्था और भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला।हिंदू धार्मिक परंपराओं में मां दुर्गा की विदाई को बेटी की विदाई के समान माना जाता है। जिस प्रकार घर से बेटी को ससुराल विदा करते समय परिवार के सदस्य विभिन्न रस्में निभाते हैं, उसी भावना के साथ श्रद्धालुओं ने देवी मां की विदाई की।
सुहागिन महिलाओं ने मां दुर्गा के साथ मां लक्ष्मी, मां सरस्वती और अन्य देवी-देवताओं को विभिन्न प्रकार की मिठाइयों का भोग अर्पित किया। इसके बाद सिंदूरदान की रस्म पूरी कर परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की।
सिंदूर खेला में बड़ी संख्या में शामिल हुईं महिलाएं
देवी मां की विदाई से पहले महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ सिंदूर खेला की परंपरा निभाई।महिलाओं ने एक-दूसरे की मांग और माथे पर सिंदूर लगाकर विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पूजा पंडाल में उत्साह के साथ मां दुर्गा की विदाई को लेकर भावुकता भी दिखाई दी।श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से परिवार में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की कामना की।
READ MORE :Adityapur: दुर्गा विसर्जन घाटों पर DC का निरीक्षण, सुरक्षा के निर्देश
पूजा समिति के सदस्यों ने निभाई जिम्मेदारी
रामनगर एयरवेज कॉलोनी सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से आयोजित पूजा उत्सव को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।समिति के अध्यक्ष दीपू सिंह, महामंत्री गोपाल प्रसाद जायसवाल और उपाध्यक्ष श्रीकांत देव सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन के दौरान अपनी-अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।विजयादशमी पर पारंपरिक सिंदूर खेला और देवी मां की विदाई के साथ पूजा उत्सव संपन्न हुआ।


