
सरायकेला-खरसावां। दुर्गा पूजा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न विसर्जन घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त एजाज अनवर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना रोकने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।
READ MORE :INDIAN RAILWAYS: झारखंड-ओडिशा के यात्रियों को नई ट्रेन, पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस का टाइम टेबल जारी
घाटों पर गोताखोर तैनात होंगे, सुरक्षित सीमा के आगे जाने पर रोक
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभी प्रमुख विसर्जन घाटों पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि घाटों पर मजबूत सुरक्षा बैरिकेडिंग की जाए, ताकि श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित सीमा से आगे पानी में प्रवेश न कर सकें।इसके अलावा घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को सुरक्षित और सुगम बनाने तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश भी दिए गए।
मेडिकल टीम, एंबुलेंस और अग्निशमन वाहन रखने के निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि विसर्जन के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रमुख घाटों पर मेडिकल टीम, एंबुलेंस और अग्निशमन वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और जवानों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।साथ ही विसर्जन मार्गों पर पुलिस गश्त बढ़ाने, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर जोर दिया।
रोशनी, पेयजल और साफ-सफाई की भी होगी व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को विसर्जन घाटों पर पर्याप्त रोशनी, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि घाटों और वहां तक जाने वाले मार्गों पर ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं और पूजा समितियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।जिला प्रशासन का उद्देश्य विसर्जन के दौरान दुर्घटनाओं और जान-माल की क्षति की आशंका को न्यूनतम करना है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: CSIR-NML के एग्रिको आवासीय परिसर में पांच दिवसीय दुर्गोत्सव की धूम, अगले वर्ष मनेगी स्वर्ण जयंती
आपत्तिजनक गीत-संगीत से बचें पूजा समितियां : उपायुक्त
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी दुर्गा पूजा समितियों से प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की।उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान ऐसे गीत-संगीत या आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग नहीं किया जाए, जिससे किसी धर्म, समुदाय या व्यक्ति की धार्मिक भावनाएं आहत हों।उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और सामाजिक समरसता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।निरीक्षण के दौरान गम्हरिया के अंचल अधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


