
जमशेदपुर: टाटा स्टील द्वारा आयोजित एथिक्स क्विज में जमशेदपुर के वरिष्ठ पत्रकार परविन्दर भाटिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार हासिल किया। मंगलवार को जुस्को सहयोग केंद्र के समीप स्थित टाउन इलेक्ट्रिकल ऑफिस के प्रथम तल स्थित कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित इस प्रतियोगिता में शहर के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर ने परविन्दर को सम्मानित किया।


टाटा स्टील ने अपने एथिक्स माह के तहत इस कार्यक्रम का आयोजन किया था। इसका उद्देश्य नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना, कॉर्पोरेट गवर्नेंस, जिम्मेदार पत्रकारिता तथा टाटा समूह की नैतिकता और ईमानदारी की समृद्ध विरासत के प्रति जागरूकता फैलाना था। प्रतियोगिता में अंजनी पांडेय ने द्वितीय तथा मनप्रीत सिंह भाटिया ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर थे, जबकि टाटा स्टील की चीफ एथिक्स काउंसलर सोनी सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। दोनों वक्ताओं ने अपने संबोधन में व्यावसायिक और सार्वजनिक जीवन में नैतिकता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि सत्य, पारदर्शिता और जवाबदेही को बनाए रखने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार जयप्रकाश राय ने मुख्य वक्ता के रूप में पत्रकारिता में नैतिक मूल्यों, निष्पक्षता और जिम्मेदार रिपोर्टिंग की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
एथिक्स क्विज में टाटा समूह के इतिहास, टाटा कोड ऑफ कंडक्ट, कॉर्पोरेट एथिक्स, बिजनेस इंटीग्रिटी, मीडिया एथिक्स, पत्रकारिता के मानदंडों तथा मीडिया जगत से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों पर आधारित प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने नैतिक सिद्धांतों और समकालीन मीडिया विषयों पर अपने उत्कृष्ट ज्ञान का परिचय दिया।
पूरी प्रतियोगिता का सफल संचालन निभा शर्मा ने किया। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन मीडिया और कॉर्पोरेट जगत के बीच सार्थक संवाद को बढ़ावा देने के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


