
जमशेदपुर: बेल्डीह क्लब के कर्मचारियों के बोनस को लेकर बेल्डीह क्लब मैनेजमेंट और होटल कैंटीन रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन के बीच बोनस समझौता संपन्न हुआ। समझौते के तहत इस वर्ष कर्मचारियों को 19 प्रतिशत बोनस दिया जाएगा। कर्मचारियों को न्यूनतम 29,295 रुपये और अधिकतम 59,873 रुपये बोनस मिलेगा।
19 प्रतिशत बोनस पर बनी सहमति
बेल्डीह क्लब परिसर में हुए बोनस समझौते के दौरान प्रबंधन और यूनियन के प्रतिनिधियों ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। समझौते के बाद कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।
समझौते पर बेल्डीह क्लब की ओर से चेयरमैन डीबी सुंदर रमम, सेक्रेटरी वरुण बजाज, ज्वाइंट सेक्रेटरी आयान लहरी, ट्रेजरर विशाल अग्रवाल और एएम मिश्रा ने हस्ताक्षर किए।
वहीं यूनियन की ओर से प्रेसिडेंट राकेश्वर पांडेय, डिप्टी प्रेसिडेंट बीके डिंडा, जनरल सेक्रेटरी ददन सिंह, यूनियन कमेटी मेंबर एसके जुल्फिकार अली, सिद्धार्थ शंकर दास एवं अजीत सिंह ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
क्लब में चल रहे विकास कार्यों पर भी चर्चा
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बेल्डीह क्लब के चेयरमैन डीबी सुंदर रमम और यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने कहा कि बेल्डीह क्लब जमशेदपुर के प्रमुख क्लबों में शामिल है और इसका संचालन टाटा स्टील प्रबंधन द्वारा किया जाता है। क्लब में कार्य करने वाले कर्मचारी और इससे जुड़े लोग क्लब की उपलब्धियों को लेकर गर्व महसूस करते हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में क्लब में कई विकास कार्य चल रहे हैं। इनमें नई लाइब्रेरी, जिम, चिल्ड्रन कॉर्नर और पार्किंग एरिया का विकास शामिल है। इन सुविधाओं के विकसित होने से क्लब के सदस्यों और ग्राहकों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
देश के प्रमुख क्लबों में शामिल करने का लक्ष्य
यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में बेल्डीह क्लब न केवल जमशेदपुर और झारखंड, बल्कि देश के प्रमुख क्लबों में अपनी पहचान बनाएगा।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी और यूनियन क्लब के विकास तथा उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार सहयोग और प्रयास करते रहेंगे।
धन्यवाद ज्ञापन के साथ बोनस समझौता संपन्न हुआ।

