
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के ओलीडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत शंकोसाई रोड नंबर-04, खड़िया बस्ती में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया। घटना 16 जून 2026 की रात्रि करीब 11:00 बजे की है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए जमशेदपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त थार गाड़ी व एक देशी पिस्टल भी बरामद की है।

एमजीएम अस्पताल में जख्मी के पहुंचने पर खुला राज
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 जून की देर रात एमजीएम थाना को एक अफवाहनुमा सूचना मिली कि एक व्यक्ति गोली लगने से जख्मी होने के कारण इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती हुआ है। शुरुआत में घटनास्थल स्पष्ट नहीं था, जिसके बाद एमजीएम थाना और ओलीडीह ओपी पुलिस ने संयुक्त रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि ओलीडीह ओपी क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-04, खड़िया बस्ती में फायरिंग की घटना हुई है, जिसमें राजनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले देवदास गोप उर्फ देव (21 वर्ष) को गोली लगी है।
नशे की हालत में पैसों के लेन-देन पर हुआ था विवाद
वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण (प्रभार में नगर) के मार्गदर्शन और पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के नेतृत्व में एक संयुक्त छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल देवदास गोप को अस्पताल लाने वाले दो युवकों—नीरज प्रधान और देवाशीष प्रधान को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सभी लोग 16 जून की रात शंकोसाई रोड नंबर-04, खड़िया बस्ती स्थित नीरज प्रधान के घर में बैठकर नशा कर रहे थे। इसी दौरान उनके बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर नीरज प्रधान ने अपने पास रखा पिस्टल निकाला और देवदास गोप पर गोली चला दी।
अस्पताल में छोड़कर भागने की थी योजना
गोली लगने से जब देवदास गोप गंभीर रूप से जख्मी हो गया, तो नीरज प्रधान और देवाशीष प्रधान उसे लेकर एमजीएम अस्पताल पहुंचे। वहां उसे भर्ती कराने के बाद दोनों आरोपी वहां से भागने की फिराक में थे। लेकिन एमजीएम और ओलीडीह ओपी थाना प्रभारियों की मुस्तैदी के कारण दोनों को मौके पर ही दबोच लिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य सामग्रियां बरामद की हैं।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :जुगसलाई में 5 दिनों से कचरा उठाव ठप, डंपिंग यार्ड भरने से बढ़ी महामारी की आशंका
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
नीरज प्रधान (उम्र करीब 23 वर्ष): शंकोसाई रोड नंबर-05, ओलीडीह ओपी, जमशेदपुर।
देवाशीष प्रधान (उम्र 21 वर्ष): ग्राम बेटकलसाई, थाना राजनगर, जिला सरायकेला खरसावां।
शिवा गौडा: शंकोसाई रोड नंबर-05, ओलीडीह ओपी, जमशेदपुर।
पुलिस द्वारा जब्त किए गए सामानों की सूची:
घटना में प्रयुक्त एक 7.62 बोर का देशी पिस्टल (मैगजीन सहित)।
एक फायर किया हुआ खोखा।
घटनास्थल से बरामद खून का नमूना, शराब की बोतल और डिस्पोजल गिलास।
घटना में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी।
अभियुक्त एवं जख्मी युवक का खून लगा शर्ट।
इस सफल छापामारी दल में शामिल पुलिस अधिकारी:
इस मामले का त्वरित उद्भेदन करने वाली संयुक्त टीम में पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार, एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, ओलीडीह ओपी प्रभारी मो० शारिक अली, पुलिस अवर निरीक्षक रविन्द्र पाण्डेय, विजय कुमार, अभिषेक कुमार तथा एमजीएम थाना एवं ओलीडीह ओपी के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे

