
जमशेदपुर.


केन्द्र सरकार की नीतियों के खिलाफ 9जुलाई को मजदूरों की देशव्यापी हड़ताल की तैयारी है.हड़ताल को सफल बनाने के लिए सोमवार को बिष्टुपुर पोस्टल पार्क में कोल्हान के स्वतंत्र मजदूर संगठनों और ट्रेड यूनियनों की समन्वय समिति ने एक नुक्कड़ सभा का आयोजन किया.सभा में बैंक, बीमा, रेल, अराजपत्रित कर्मचारी और मेडिकल प्रतिनिधियों के स्वतंत्र फेडरेशनों ने भाग लिया.
सभा की अध्यक्षता कमरेड सुजय राय ने की. उन्होंने कहा कि यह हड़ताल केंद्र सरकार द्वारा लाए गए चार श्रम संहिता (लेबर कोड) के खिलाफ मजदूरों के आर-पार की लड़ाई है. इन कोडों के लागू होने से स्थायी नौकरी की जगह ठेका प्रथा का दबदबा होगा और यूनियन बनाने की स्वतंत्रता व हड़ताल का अधिकार खत्म हो जाएगा.
उन्होंने कहा कि इन कानूनों से 40 करोड़ से अधिक श्रमिक सामाजिक सुरक्षा के दायरे से बाहर हो जाएंगे. पीएफ, ईएसआई, ग्रैच्युइटी, मातृत्व लाभ जैसे अधिकार सीमित कर दिए जाएंगे और मजदूरी, बोनस, ओवरटाइम सहित कई सुविधाएं प्रभावित होंगी.
सभा में बैंक यूनियन से डी.एन. सिंह, इंश्योरेंस सेक्टर से सुभाष करना और अमित माइती, रेल यूनियन से पारस कुमार व रणजीत, सेल्स प्रमोशन यूनियन से के.डी. प्रताप और विनय कुमार तथा अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ से आर.एन. ठाकुर उपस्थित रहे.
सभी वक्ताओं ने केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि 9 जुलाई को देशभर के मजदूर एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे और 17 सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर रहेंगे. प्रमुख मांगों में ₹26,000 न्यूनतम वेतन, ₹9,000 पेंशन, चारों लेबर कोड की वापसी और ठेकाकरण पर रोक शामिल हैं.
सभा में बड़ी संख्या में श्रमिकों की उपस्थिति रही और सभी ने हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प लिया.


