
जमशेदपुर ।


मानगो क्षेत्र में एक बार फिर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर दहशत का माहौल है। मानगो अंचल अधिकारी (Circle Officer) ने गुरुद्वारा रोड और बैकुंठनगर के अंतिम छोर पर बसे दर्जनों मकानों को 4 अगस्त को तोड़ने का नोटिस जारी किया है। इस फरमान के बाद पिछले 50 वर्षों से यहां अपना आशियाना बनाकर रह रहे दैनिक मजदूरों और गरीब परिवारों की रातों की नींद उड़ गई है।
50 वर्षों से रह रहे दैनिक मजदूरों पर मंडराया संकट
नोटिस मिलने के बाद प्रभावित बस्तीवासियों में भारी आक्रोश और निराशा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे दैनिक मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पिछले 50 सालों से वे तिनका-तिनका जोड़कर बनाए गए इन घरों में रह रहे हैं। अब अचानक घर ढाहने का नोटिस मिलने से उनके सामने बेघर होने का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। लोगों का स्पष्ट कहना है कि वे अपनी जान दे देंगे, लेकिन अपने आशियाने को उजड़ने नहीं देंगे।
बिजली-पानी का बिल और होल्डिंग टैक्स देते हैं निवासी
बस्तीवासियों की गुहार पर भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और प्रशासन की इस कार्रवाई का कड़ा विरोध किया। विकास सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा कि इन गरीबों को उजाड़ने की साजिश रची जा रही है। पिछले 50 वर्षों से इन घरों में सरकार द्वारा बिजली और पानी का कनेक्शन दिया गया है, जिसका बिल निवासी समय पर चुकाते हैं। इसके अलावा, नगर निगम द्वारा हर महीने भारी-भरकम होल्डिंग टैक्स भी वसूला जा रहा है। ऐसे में दशकों बाद अचानक इन्हें उजाड़ना किसी भी तरह से न्यायसंगत नहीं है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: भुइयांडीह अतिक्रमण मामले में विधायक पूर्णिमा साहू का हस्तक्षेप, कहा- ‘बरसात में गरीबों का आशियाना न उजड़े, पहले हो पुनर्वास’
पीएम आवास योजना पर भी उठे गंभीर सवाल
विकास सिंह ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के उदासीन रवैये पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि यह जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र का दुर्भाग्य है कि यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों की ‘पीएम आवास योजना’ धरातल पर नहीं उतर सकी। एक तरफ गरीबों को आवास नहीं मिल रहा है, वहीं दूसरी तरफ जिन्होंने खुद की मेहनत से अपना घर बनाया है, उन्हें बेघर किया जा रहा है। उन्होंने बस्तीवासियों को आश्वस्त किया कि वे अंतिम सांस तक इन गरीब परिवारों की लड़ाई लड़ेंगे और किसी भी कीमत पर उनके घरों को उजड़ने से बचाएंगे।


