
जमशेदपुर ।


सीतारामडेरा अंतर्गत भुइयांडीह क्षेत्र (कल्याणनगर और इंद्रानगर) में प्रस्तावित अतिक्रमण हटाओ अभियान का मामला अब गरमा गया है। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के वर्ष 2024 के आदेश के अनुपालन में होने वाली इस कार्रवाई को लेकर जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा की विधायक पूर्णिमा साहू ने गुरुवार को उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात की। इस महत्वपूर्ण बैठक में बस्तीवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था।
मानवीय आधार पर विस्थापन रोकने की अपील
विधायक पूर्णिमा साहू ने उपायुक्त के समक्ष बस्तीवासियों की पीड़ा को पुरजोर तरीके से रखा। उन्होंने कहा कि शहर में लगातार बारिश हो रही है और इस प्रतिकूल मौसम में हजारों लोगों को बेघर करना मानवीय दृष्टिकोण से कतई उचित नहीं होगा। उन्होंने प्रशासन से सख्त आग्रह किया कि किसी भी तरह की कार्रवाई से पहले प्रभावित परिवारों के लिए समुचित पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी परिवार को खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर न होना पड़े।
NGT के अंतिम आदेश का है इंतजार
इस मामले पर NGT में 29 जुलाई को अंतिम सुनवाई संपन्न हो चुकी है, लेकिन आदेश की प्रति अभी तक वेबसाइट पर सार्वजनिक नहीं हुई है। पूर्णिमा साहू ने कहा कि आदेश की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हुए बिना जल्दबाजी में कोई भी कदम उठाना गलत होगा। इस पर उपायुक्त राजीव रंजन ने भी स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन भी एनजीटी के आदेश की प्रति का इंतजार कर रहा है। आदेश प्राप्त होने और उसका विधिवत अध्ययन करने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर ईस्ट का 49वां पदस्थापना समारोह, वीना अध्यक्ष और सुजय बने सचिव
अधिकार के लिए खटखटाएंगे कोर्ट का दरवाजा
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में पूर्णिमा साहू ने बस्तीवासियों को भरोसा दिलाया कि वह इस संघर्ष में अंतिम समय तक उनके साथ मजबूती से खड़ी हैं। उन्होंने बताया कि यह मामला 2023 से चल रहा है और हाल ही में ‘झारखंड पब्लिक लैंड इंक्रोचमेंट एक्ट’ की धारा-6 के तहत अंतिम नोटिस जारी किया गया है। NGT का आदेश सार्वजनिक होने के बाद उसका कानूनी परीक्षण किया जाएगा। बस्तीवासियों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव सहित बस्ती के कई लोग उपस्थित थे।



