
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 510 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एमजीएम थाना क्षेत्र में रिपिट कॉलोनी के पीछे काली मंदिर के पास की गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: मानगो में मोबाइल छिनतई का खुलासा, CCTV से पहचान के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज और रिपिट कॉलोनी के आसपास कुछ लोग अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पटमदा के डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
टीम ने रिपिट कॉलोनी के पीछे काली मंदिर के समीप घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से ब्राउन शुगर बरामद किया गया।
एक आरोपी के पास 437, दूसरे से 73 पुड़िया बरामद
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरज थापा, निवासी बड़बिल, क्योंझर, ओडिशा और करण कुमार, निवासी बिरसानगर, जमशेदपुर के रूप में हुई है।
तलाशी में सुरज थापा के पास से 437 पुड़िया और करण कुमार के पास से 73 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। इस तरह कुल 510 पुड़िया नशीला पदार्थ जब्त किया गया।
पुलिस ने मौके से एक सैमसंग टचस्क्रीन मोबाइल, एक नोकिया कीपैड मोबाइल और काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (JH05EJ 5734) भी जब्त की है।
READ MORE :SOUTH EASTERN RAILWAY : दुर्गा पूजा से पहले रेलवे का बड़ा झटका, टाटानगर, रांची और राउरकेला की 22 ट्रेनें रद्द; देखें पूरी लिस्ट
दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सुरज थापा और करण कुमार के खिलाफ पहले से मानगो, बिरसानगर, पोटका, मुसाबनी और जादुगोड़ा समेत अन्य थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, चोरी और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।
इस संबंध में एमजीएम थाना कांड संख्या 112/2026, दिनांक 22 सितंबर 2026 के तहत धारा 111(2)(ii) बीएनएस तथा धारा 21(a), 21(b), 27 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई में डीएसपी दयानंद कुमार, एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, पुअनि आनंद कुमार, सुगना मुंडा, नारकोटिक्स सेल के अमित कुमार, सअनि मो. माजिद उद्दीन तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

