
जमशेदपुर (Jamshedpur): शहर के ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग में जमशेदपुर ट्रक एवं ट्रेलर ओनर्स एसोसिएशन द्वारा एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस दौरान संगठन के महामंत्री मनीष सिंह ने पश्चिम बंगाल में ट्रक और ट्रेलर मालिकों के साथ हो रही ज्यादती और अवैध वसूली को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। एसोसिएशन ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याएं जल्द नहीं सुलझाई गईं, तो वे एक बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
READ MORE :Chaibasa News: कोल्हान विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के छात्र 6 दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर गंगटोक रवाना
ऑल इंडिया परमिट के बावजूद बंगाल में अवैध वसूली
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए महामंत्री मनीष सिंह ने बताया कि पूर्ववर्ती पश्चिम बंगाल सरकार (तृणमूल कांग्रेस) के परिवहन विभाग द्वारा गाड़ी मालिकों को लगातार परेशान किया जाता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में गाड़ियों से ‘एडिशनल टैक्स’ के नाम पर भारी वसूली की जाती है। इसके अलावा मैकेनिकल टैक्स और छोटे-छोटे डायवर्सन पर रोककर अलग से लोकल टोल टैक्स वसूला जाता है। मनीष सिंह ने स्पष्ट किया कि उनकी गाड़ियां ‘ऑल इंडिया परमिट’ (All India Permit) पर चलती हैं, जिसका पूरा शुल्क वे पहले ही जमा कर चुके होते हैं। पूरे भारतवर्ष में कहीं भी इस तरह का दोहरा टैक्स नहीं लिया जाता है, जैसा बंगाल में लिया जा रहा है।
नई सरकार से ‘गुंडा टैक्स’ रोकने की मांग
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पश्चिम बंगाल की नवगठित सरकार से यह मांग और उम्मीद जताई है कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान जो ‘गुंडा टैक्स’ और अन्य अवैध टैक्स की वसूली का सिंडिकेट चल रहा था, उसे तत्काल प्रभाव से पूर्णतः बंद किया जाए। ट्रक मालिकों को नई सरकार से काफी उम्मीदें हैं कि वह इस दिशा में कोई सकारात्मक कदम उठाएगी और ट्रांसपोर्टरों को राहत प्रदान करेगी।
READ MORE :Jamshedpur News: टाटानगर रेल अस्पताल में सिविल डिफेंस का मॉक ड्रिल, डॉक्टरों व कर्मियों ने सीखे आग बुझाने के गुर
मांगें न मानने पर 15 से अनिश्चितकालीन हड़ताल
एसोसिएशन ने अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट किया है कि यदि उनकी इन जायज मांगों को पूरा नहीं किया गया और अवैध वसूली पर रोक नहीं लगी, तो इसी महीने की 15 तारीख से जमशेदपुर के सभी गाड़ी मालिक अनिश्चितकालीन हड़ताल (चक्का जाम) पर चले जाएंगे। इस हड़ताल में अन्य राज्यों के ट्रक मालिक संगठन भी उनका पूरा समर्थन करेंगे, जिससे माल ढुलाई पूरी तरह ठप हो सकती है।
इस महत्वपूर्ण प्रेस मीटिंग में संगठन के अध्यक्ष जसवीर सिंह, महामंत्री मनीष कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह, प्रदीप शर्मा, अभय सिंह, पिंटू यादव, महेंद्र यादव, अभिषेक झा, विनीत, मनोज सिंह, पारस, मनीष ओझा, तपस्या सिंह और संजय पांडे सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।


