
जमशेदपुर।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बंगाल में टीएमसी सांसदों (अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी) पर हुए कथित हमले और मारपीट के सवाल पर मरांडी ने इसे महज एक नाटक करार दिया । वे जमशेदपुर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि टीएमसी के नेता अक्सर इस तरह के ड्रामे करते रहते हैं। पिछले विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए उन्होंने याद दिलाया कि कैसे ममता बनर्जी ने पैर में पट्टी बांधकर और व्हीलचेयर पर बैठकर सहानुभूति बटोरने का नाटक किया था, और चुनाव खत्म होते ही सब कुछ सामान्य हो गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बंगाल की कानून व्यवस्था पूरी तरह से राज्य सरकार का विषय है। इसके साथ ही उन्होंने सुवेंदु अधिकारी की जमकर तारीफ की और उन्हें एक मजबूत तथा समझदार नेता बताया जो राज्य में तेजी से और सही निर्णय ले रहे हैं।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: 395 करोड़ की जल आपूर्ति योजना में देरी पर फूटा गुस्सा, 13 जून को महाधरना की चेतावनी
झामुमो को सता रहा हॉर्स ट्रेडिंग का डर, अपनों पर विश्वास नहीं
झारखंड की राजनीति पर चर्चा करते हुए मरांडी ने सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पर भी कड़ा निशाना साधा। झामुमो द्वारा अपने विधायकों को हॉर्स ट्रेडिंग (विधायकों की खरीद-फरोख्त) के डर से जारी किए गए पत्र के सवाल पर उन्होंने कहा कि इससे सत्ताधारी दल की घबराहट साफ नजर आती है। मरांडी ने कहा कि पत्र को पढ़ने से यह स्पष्ट हो जाता है कि झामुमो को अब अपने ही विधायकों पर कोई भरोसा या विश्वास नहीं रह गया है। यह पत्र उनकी आंतरिक बेचैनी और असुरक्षा की भावना को पूरी तरह से उजागर कर रहा है।
राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा की रणनीति तैयार, फैसला करेगा केंद्रीय नेतृत्व
आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारियों पर मरांडी ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश चुनाव समिति ने बैठक कर सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा कर ली है और केंद्र को इससे अवगत करा दिया गया है। कोल्हान क्षेत्र से कई पूर्व मुख्यमंत्रियों (बाबूलाल मरांडी, चंपई सोरेन, अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा, रघुवर दास) के होने के बावजूद, राज्यसभा का उम्मीदवार कौन होगा, यह पूरी तरह से भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ही तय करेगी।
उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा कोई क्षेत्रीय पार्टी नहीं है कि प्रदेश स्तर पर ही सारे निर्णय ले लिए जाएं। केंद्र द्वारा जिन नामों की घोषणा की जाएगी, पार्टी के सभी कार्यकर्ता, विधायक और नेता एकजुट होकर उन्हें जिताने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। जमशेदपुर सर्किट हाउस में हुई इस वार्ता से यह स्पष्ट है कि भाजपा आगामी चुनावों के लिए पूरी तरह से मुस्तैद है।


