
आदित्यपुर।
सामाजिक संगठन जन कल्याण मोर्चा और आदित्यपुर अधिवक्ता संघ की संयुक्त बैठक रोड नंबर 32, आदित्यपुर-2 स्थित कार्यालय में आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष और अधिवक्ता संघ के मुख्य संरक्षक ओमप्रकाश ने की, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन आदित्यपुर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दीपेंद्र नाथ ओझा ने किया। इस दौरान शहर की प्रमुख समस्याओं पर गहन मंथन कर कई कड़े फैसले लिए गए।

पेयजल योजना में देरी पर जनप्रतिनिधियों से नाराजगी
बैठक में 395 करोड़ रुपए की लागत वाली आदित्यपुर पेयजल आपूर्ति योजना की धीमी गति पर भारी रोष प्रकट किया गया। यह योजना 4 दिसंबर 2018 को शुरू हुई थी और इसे 3 दिसंबर 2021 तक पूरा होना था, लेकिन सालों बीत जाने के बाद भी यह अधूरी है। उपस्थित सदस्यों ने गहरा खेद जताया कि झारखंड विधानसभा या लोकसभा में किसी भी जनप्रतिनिधि ने इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से नहीं उठाया। यदि समय रहते आवाज उठाई गई होती, तो आम जनता आज पानी के लिए इतनी आहत नहीं होती।
मांगें पूरी नहीं होने पर 13 जून को सड़क पर उतरेगी जनता
सर्वसम्मति से अल्टीमेटम दिया गया है कि यदि 12 जून 2026 तक 30 MLD सीतारामपुर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को नियमित रूप से चालू कर सभी वैध उपभोक्ताओं को नए पाइप से कनेक्शन नहीं दिया गया, और सपड़ा स्थित 60 MLD प्लांट को अगस्त 2026 तक चालू करने का लिखित आश्वासन नहीं मिला, तो 13 जून 2026 को आदित्यपुर मेन रोड में पटेल चौक और आकाशवाणी चौक के पास एक दिवसीय विशाल महाधरना दिया जाएगा। धरने की तैयारी के लिए एक विशेष उप-समिति गठित की गई है, जिसमें शारदा देवी, पार्षद नीतू शर्मा, पार्षद सुधीर चौधरी, पार्षद धनंजय कुमार, शशांक गांगुली, मनोज कुमार और आशुतोष कुमार को शामिल किया गया है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: जमशेदपुर में गूंजी पीएम मोदी के ‘मन की बात’, विधायक पूर्णिमा साहू और भाजपा कार्यकर्ताओं में दिखा भारी उत्साह
विधायक सरयू राय का समर्थन और सांसद की सराहना
टाटानगर स्टेशन पर ट्रेनों के विलंब से चलने के विरोध में जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय द्वारा किए जा रहे जन आंदोलन का बैठक में पूर्ण समर्थन किया गया। वहीं, सांसद विद्युत वरण महतो द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की गई। यह भी तय हुआ कि आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर दुर्ग-पटना एक्सप्रेस, टाटा-मुजफ्फरपुर, पटना सुपरफास्ट और इस्पात एक्सप्रेस के ठहराव के लिए एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही सांसद से मिलकर अपनी मांग रखेगा। साथ ही भारत सरकार की आगामी जनगणना में आम जनता से पूर्ण सहयोग की अपील की गई।
बैठक में इन प्रमुख लोगों की रही उपस्थिति इस संयुक्त बैठक में मुख्य रूप से सुनील कुमार स्वाईं, रंजनी मिश्रा, रवि शंकर पासवान, निशांत कुमार, मृत्युंजय सिंह, राकेश कुमार मिश्रा, अजय कुमार सिंह, मदन सिंह, महेंद्र प्रसाद, दिलीप कुमार साव, राजेश कुमार मुन्ना, आशीष कुमार धर और आयुष भगत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सुनील कुमार स्वाईं ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया।



