
जमशेदपुर: बेल्डीह स्थित नागा मंदिर के माँ वैष्णो देवी ट्रस्ट के तत्वाधान में भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। इस पावन अवसर पर रथ खींचने और भगवान के दर्शन के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। पूरा क्षेत्र “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी जयघोष से भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।


वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रथ पर विराजमान हुए भगवान
रथयात्रा की शुरुआत से पहले नागा मंदिर के ट्रस्टी शशि तिवारी और स्टेट बार कौंसिल के वाईस प्रेसिडेंट राजेश कुमार शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पुजारियों व भक्तों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद तीनों विग्रहों को आकर्षक ढंग से सजाए गए भव्य रथ पर विराजमान कराया गया। श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे और हरिनाम संकीर्तन के साथ रथ को खींचते हुए मंदिर परिसर के चारों ओर भ्रमण कराया।
READ MORE..ADITYAPUR NEWS: सेंट्रल पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनायी गयी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, बच्चों में दिखा भारी उत्साह
15 दिनों के ‘अनसर’ विश्राम के बाद हुए दिव्य दर्शन
नागा मंदिर के ट्रस्टी शशि तिवारी ने बताया कि ज्येष्ठ पूर्णिमा (स्नान पूर्णिमा) के बाद भगवान जगन्नाथ 15 दिनों के लिए ‘अनसर’ (विश्राम) अवधि में चले गए थे। इस दौरान भगवान अस्वस्थ रहते हैं और उन्हें तुलसी व काढ़े जैसी औषधियां दी जाती हैं। 15 जुलाई को नेत्र उत्सव (नबजौबन दर्शन) के दिन भगवान ने पुनः भक्तों को दर्शन दिए। इसके अगले दिन यानी 16 जुलाई को रथ पर सवार होकर भगवान मौसी बाड़ी (बेल्डीह तुलसी मंदिर) के लिए प्रस्थान कर गए।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: जमशेदपुर में भव्य जगन्नाथ रथ यात्रा, झामुमो नेता कुणाल षाड़ंगी ने कई स्थानों पर किया नमन
भव्य मेला और डालसा (DALSA) का विधिक जागरूकता स्टॉल
रथयात्रा के उपलक्ष्य में भव्य मेले का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चे, युवा और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। मेले में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DALSA) जमशेदपुर द्वारा एक विशेष स्टॉल लगाया गया, जहां अधिकार मित्रों (PLV) ने लोगों को कानूनी अधिकारों और डालसा के कार्यों की जानकारी दी तथा पंपलेट बांटे। भगवान की घूरती रथयात्रा (बहुड़ा यात्रा) आठ दिनों बाद यानी 24 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी।



