सोनारी के भूतनाथ मंदिर परिसर में अखंड ज्योत, सवामणी सेवा, निशान यात्रा और मंगल पाठ का होगा आयोजन; 20 नवंबर को मनेगा बाबा श्याम का जन्मोत्सव
जमशेदपुर। सोनारी स्थित सीएच एरिया के भूतनाथ मंदिर परिसर में स्थापित नारायणी धाम मंदिर का प्रथम वार्षिकोत्सव 22 से 24 नवंबर तक तीन दिवसीय धार्मिक महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। नारायणी सेवा ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस महोत्सव में श्री सालासर बालाजी महाराज, श्री राणी सती दादीजी और श्री खाटू नरेश श्याम बाबा के सानिध्य में विभिन्न धार्मिक एवं भक्ति कार्यक्रम होंगे। तीनों दिन अखंड ज्योत प्रज्वलन और सवामणी सेवा विशेष आकर्षण रहेंगे।
मंगलवार को नारायणी धाम परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने शहर के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से परिवार और इष्ट-मित्रों के साथ शामिल होकर धार्मिक महोत्सव को सफल बनाने की अपील की।
READ MORE :SARAIKELA-KHARSAWAN NEWS: आज सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा ‘एक और अवसर कैंप’, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका
22 नवंबर: सुंदरकांड पाठ से होगा शुभारंभ
महोत्सव का शुभारंभ रविवार, 22 नवंबर को शाम 4 बजे सुंदरकांड पाठ एवं संगीतमय हनुमान चालीसा से होगा। कार्यक्रम परम श्रद्धेय संतोष भाईजी (नरसिंहबाण दरबार), बर्नपुर के सानिध्य में आयोजित किया जाएगा। पाठ का वाचन रांची के सुरेश बजाज करेंगे।
23 नवंबर: निकलेगी भव्य निशान यात्रा, भजन संध्या में झूमेंगे श्रद्धालु
सोमवार, 23 नवंबर को सुबह 8 बजे राजस्थान के सूरजगढ़ निवासी हजारीमल इंदौरिया के सानिध्य में सोनारी राम मंदिर से नारायणी धाम तक भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी। वहीं, रात 8 बजे सोनभद्र (गुप्तकाशी) से आ रहे प्रसिद्ध भजन गायक संजीव शर्मा भजनों की प्रस्तुति देंगे।
24 नवंबर: राणी सती दादी का मंगल पाठ और देव दीपावली
मंगलवार, 24 नवंबर को दोपहर 3 बजे कोलकाता की प्रसिद्ध पाठ वाचिका मीतू अग्रवाल श्री राणी सती दादीजी का मंगल पाठ करेंगी। इसी दिन देव दीपावली के अवसर पर मंदिर परिसर में भव्य दीप प्रज्वलन का आयोजन किया जाएगा।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: छठ पर अर्पण परिवार का सेवा शिविर, व्रतियों के बीच बांटी पूजन सामग्री और प्रसाद
20 नवंबर को मनेगा बाबा श्याम का जन्मोत्सव
वार्षिकोत्सव से पहले 20 नवंबर को नारायणी धाम मंदिर में श्री श्याम प्रभु का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शाम 7:30 बजे से भव्य भजन संध्या होगी। मुंबई से आमंत्रित भजन गायक सुदर्शन कुमार अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से बाबा श्याम का गुणगान करेंगे। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से सपरिवार शामिल होकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
संवाददाता सम्मेलन में ट्रस्ट के अध्यक्ष राजकुमार चंदूका, महासचिव राजकुमार संघी, ट्रस्टी सदस्य कैलाश सरायवाला, अनिल नरेड़ी, ललित सरायवाला, राम रतन कांवटिया, अमित अग्रवाल, संदीप मित्तल, चेतन अग्रवाल, अक्षय खेमका और पवन पोद्दार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।


