मानगो स्वर्णरेखा घाट पर श्रद्धालुओं के लिए दीया-बाती, दूध, आम की लकड़ी और नाश्ते की व्यवस्था; अर्घ्य के बाद खिचड़ी, सब्जी और खीर का किया वितरण
जमशेदपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर अर्पण परिवार की ओर से मानगो स्थित स्वर्णरेखा घाट पर सेवा शिविर लगाया गया। हर वर्ष की परंपरा को जारी रखते हुए आयोजित इस शिविर में छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के बीच पूजन सामग्री, नाश्ता और प्रसाद का वितरण किया गया। सदस्यों ने सेवा और सहयोग के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारी निभाई।
व्रतियों को उपलब्ध कराई गई पूजन सामग्री
सेवा शिविर में छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के बीच पूजा-अर्चना के लिए दीया-बाती, अगरबत्ती, कपूर, माचिस, गाय का दूध, दातून और जलावन के लिए आम की लकड़ी वितरित की गई। इसके अलावा घाट पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए जलेबी, विशेष कचौड़ी और चाट की व्यवस्था भी की गई, ताकि उन्हें पूजा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
अर्घ्य के बाद खिचड़ी, सब्जी और खीर का प्रसाद
अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किए जाने के बाद भी सेवा का सिलसिला जारी रहा। अर्पण परिवार की ओर से शिविर में खिचड़ी, सब्जी और खीर तैयार कर वितरित की गई। प्रसाद अर्पण परिवार के सदस्यों के साथ आसपास के अन्य सेवा शिविरों के सदस्यों और घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं के बीच प्रेमपूर्वक बांटा गया।
सदस्यों ने मिलकर निभाई सेवा की जिम्मेदारी
शिविर को सफल बनाने में जुगुन पांडे, पप्पू राव, महेश मिश्रा, बिभाष मजुमदार, प्रिंस सिंह, दीपक सिंह, घनश्याम भिरभरिया, शेखर मुखी, बिनोद भिरभरिया, बिकास मजुमदार, मन्नु ढोके, कंचन बाग, गणपत नाग, अनूज मिश्रा, रामा राव, शुरू पात्रों, सौरव रजक और अविनाश सहित अर्पण परिवार के अन्य सदस्यों का योगदान रहा।


