
जमशेदपुर।


बारह महीनों की लंबी प्रतीक्षा के बाद आस्था, उल्लास और भक्ति का महापर्व एक बार फिर जमशेदपुर में दस्तक दे रहा है। इस्कॉन जमशेदपुर के तत्वावधान में भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा और बलभद्र की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा इस वर्ष 16 जुलाई 2026, गुरुवार को अत्यंत भव्यता और दिव्यता के साथ निकाली जाएगी। जगत के स्वामी प्रभु जगन्नाथ के दर्शन और रथ की पावन डोर को स्पर्श करने की अभिलाषा लिए शहरवासी अभी से भाव-विभोर हैं। यह आयोजन शहर में सामाजिक समरसता, एकता और असीम भक्ति का प्रतीक बनेगा।
बिष्टुपुर राम मंदिर से शुरू होकर साकची में होगा विश्राम
यह पवित्र रथ यात्रा दोपहर 2:30 बजे बिष्टुपुर स्थित आंध्र भक्त राम मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात आरंभ होगी। लगभग 4.5 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए यह यात्रा संध्या 7:30 बजे साकची वाहन पड़ाव स्थल पर विश्राम लेगी। पांच घंटे तक चलने वाली यह महायात्रा गोपाल मैदान, जुस्को गोल चक्कर, स्ट्रेट माइल रोड, कीनन स्टेडियम और साकची बड़ा गोल चक्कर होते हुए गुजरेगी। पूरे मार्ग में भक्तगण “हरे कृष्णा-हरे राम” का संकीर्तन करते हुए चलेंगे। जगह-जगह आरती होगी और रथों से निरंतर महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
तीन विशाल रथ और 1000 स्वयंसेवकों की रहेगी तैनाती
इस वर्ष की रथ यात्रा का मुख्य आकर्षण तीन विशाल रथ हैं, जिन्हें विशेष फूलों, आकर्षक वस्त्रों और प्रकाश सज्जा से सजाया जा रहा है। इस्कॉन जमशेदपुर के प्रमुख पद्मनाभ जगन्नाथ दास के कुशल मार्गदर्शन में तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। भक्तों की सुरक्षा, सुगम यातायात और यात्रा की सुव्यवस्था के लिए लगभग एक हजार प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। बिष्टुपुर राम मंदिर में हुई अहम बैठक में आपातकालीन सेवाओं और मार्ग संचालन को लेकर विशेष रणनीति तैयार की गई है।
सामाजिक संगठनों का मिलेगा व्यापक सहयोग
इस आध्यात्मिक आयोजन में शहर के अनेक सामाजिक व धार्मिक संगठन अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, दुर्गा वाहिनी, वॉयस ऑफ ह्यूमैनिटी, रॉबिन हुड आर्मी, मारवाड़ी युवा मंच, जेसीआई जमशेदपुर, श्री श्याम सेवा समिति और व्यापारिक एकता मंच सहित दर्जनों संस्थाएं पूरे मार्ग में सेवा शिविर लगाएंगी। इन शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए जलपान, शीतल पेय और प्राथमिक चिकित्सा की निशुल्क व्यवस्था रहेगी।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए पद्मनाभ जगन्नाथ दास ने कहा कि यह यात्रा प्रेम, करुणा और मानवता का संदेश देती है। इस मौके पर सन्नी संघी, भवानी शंकर गुप्ता, पर्यंक अग्रवाल, चंद्रशेखर पर्वत, नीरज तिवारी, हरि सिंह, केतन संघानी, राजेश कुमार, मंटू लाल अग्रवाल, विशाल भट्ट, गगनदीप, कुमकुम शर्मा, महावीर शर्मा, गौरव, दिलीप अग्रवाल, पवन अग्रवाल, देवेंद्र सिंह, विशाल तिवारी और राजेन्द्र यादव सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।



