
जमशेदपुर.

आज डी.बी.एम.एस. महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर एक विशेष सभा का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम एन एस एस इकाई 1 एवं सोशल साइंस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ. इस अवसर पर बी.एड. प्रथम सत्र के विद्यार्थियों द्वारा स्वामी विवेकानंद के जीवन, उनकी शिक्षा, दर्शन एवं विचारों पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए गए.
विद्यार्थियों ने अपने वक्तव्यों के माध्यम से युवाओं के लिए स्वामी विवेकानंद के आदर्शों और प्रेरणाओं को प्रभावशाली ढंग से साझा किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्या डॉ. जूही समर्पिता ने कहा कि हमें स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए. अपने लक्ष्य तक पहुँचना आवश्यक है. वहीं उप-प्राचार्या डॉ. मोनिका उप्पल ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर ही हम एक सशक्त और नैतिक समाज का निर्माण कर सकते हैं. सभा के सफल आयोजन में सचिव श्रीप्रिया धर्मराजन, सह-सचिव सुधा दिलीप की सक्रिय भूमिका रही. इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षकगण, गैर-शिक्षण कर्मचारी एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि यह विशेष सभा स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करने और उनके संदेशों को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल रही


