जमशेदपुर। अपने माता–पिता की सेवा को सबसे बड़ा सेवा कार्य बताते हुए जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि दूसरों में माता-पिता का स्वरूप देखकर उनकी सेवा करना भी उतना ही पुण्य का कार्य है। स्वर्गीय सोना देवी की स्मृति में आयोजित नेत्र शिविर इसी भावना का जीवंत उदाहरण है, जहां जरूरतमंदों की निस्वार्थ सेवा की जा रही है।
READ MORE :Jamshedpur News :सोना देवी की स्मृति में नेत्र शिविर, 37 मरीजों का सफल ऑपरेशन व लेंस प्रत्यारोपण
राम मनोहर लोहिया और जेपी के विचारों का जीवंत स्वरूप
विधायक सरयू राय ने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया और लोकनायक जय प्रकाश नारायण जिन कार्यों के लिए समाज को प्रेरित करते थे, उनका सजीव रूप राम मनोहर लोहिया सेवा संस्थान के माध्यम से देखने को मिलता है। यह संस्था समाज के सबसे पिछड़े और निम्न आय वर्ग के लोगों की सेवा के लिए समर्पित है, जो अत्यंत सराहनीय है।
36 नेत्र रोगियों को मिला नया जीवन
यह नेत्र शिविर स्व. सोना देवी की स्मृति में सोना देवी मेमोरियल एजुकेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट एवं सोना देवी विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। शिविर में 36 नेत्र रोगियों का सफल ऑपरेशन किया गया। नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह एवं उनकी चिकित्सीय टीम ने ऑपरेशन के बाद सभी रोगियों की पट्टी खोलकर अंतिम जांच की।
चश्मा, दवा और कंबल का वितरण
विदाई समारोह के दौरान विधायक सरयू राय ने शिविर संयोजक प्रभाकर सिंह, समाजसेवी बॉबी सिंह, रेड क्रॉस सोसाइटी पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथियों के साथ मिलकर नेत्र रोगियों को चश्मा पहनाया, दवाएं दीं तथा उपहार स्वरूप कंबल और नाश्ते के पैकेट प्रदान किए।
कार्यकर्ता श्याम कुमार ने ऑपरेशन के बाद आंखों की देखभाल संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी रोगियों को दी।
READ MORE :Jamshedpur News :सोना देवी की स्मृति में नेत्र शिविर, 37 मरीजों का सफल ऑपरेशन व लेंस प्रत्यारोपण
सम्मान और स्मृतिचिह्न भेंट
कार्यक्रम की स्मृतियों को संजोते हुए सोना देवी विश्वविद्यालय के चांसलर प्रभाकर सिंह ने विधायक सरयू राय को विश्वविद्यालय का स्मृतिचिह्न भेंट किया। वहीं डॉ. बी. पी. सिंह ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
बड़ी संख्या में गणमान्य रहे उपस्थित
कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी पूर्वी सिंहभूम के वरीय सदस्य चन्द्रमोहन सिंह, राकेश मिश्र, प्रभुनाथ सिंह, अशोक सिंह, अशोक कुमार घोषाल सहित प्रकाश मिश्र, राजू बिंद, सुनील कुमार सिंह, प्रकाशभानु महतो एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में प्रभाकर सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना के साथ उन्हें विदा किया।




