
जमशेदपुर: उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल-2026 (SWM Rules-2026) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिले के सभी बीडीओ और सीओ के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कहा गया कि नियमों का लक्ष्य ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में कचरा पृथक्करण, वैज्ञानिक संग्रहण तथा पर्यावरण-हितैषी निस्तारण सुनिश्चित करना है। जिले स्तरीय विस्तृत एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा और उसकी मॉनिटरिंग सर्वोच्च न्यायालय द्वारा भी की जाएगी।

READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: पोटका के सुदूर आदिवासी गांवों तक पहुंचने में संजीव सरदार को लग गए साढ़े 6 साल
लीड फेसिलिटेटर व नोडल ऑफिसर की नियुक्ति
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड में 31 मई 2026 तक लीड फेसिलिटेटर का चयन सुनिश्चित किया जाए। लीड फेसिलिटेटर स्वच्छ भारत मिशन तथा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट फ्रेमवर्क का प्रचार-प्रसार करेंगे, स्थानीय लोगों के बीच बैठकें और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर कचरा पृथक्करण के लाभ बताएँगे। साथ ही प्रत्येक वार्ड के लिए नोडल ऑफिसर चिन्हित किए जाएँगे जो बल्क वेस्ट जेनरेटर (BWG) की पहचान और सूची तैयार करने के लिए जिम्मेदार होंगे।
बल्क वेस्ट जेनरेटर और चार डस्टबिन व्यवस्था
नोडल ऑफिसर जून 2026 तक BWG की सूची प्रस्तुत करेंगे। बल्क वेस्ट जेनरेटरों को स्रोत स्तर पर चार प्रकार के डस्टबिन (सैनिटरी, गीला, सूखा और अन्य) रखने के प्रति जागरूक किया जाएगा ताकि कचरा पृथक्करण सुनिश्चित हो सके। स्थानीय बाजारों (हाट-बाजार) में नियमित और वैज्ञानिक कचरा संग्रहण हेतु स्थानीय मैकेनिज्म विकसित करने पर भी जोर दिया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों पर विशेष फोकस
बैठक में कहा गया कि SWM Rules-2026 में विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों को लक्षित किया गया है। पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य मानी गयी। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि प्राथमिकता के आधार पर भूमि चिन्हित कर पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर सेग्रिगेशन सेंटर और प्लास्टिक वेस्ट सेग्रिगेशन सेंटर स्थापित किए जाएँ।
प्रस्तुत तंत्र और सहभागिता
बैठक में उप विकास आयुक्त, उप नगर आयुक्त, नगर निकाय पदाधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि बीडीओ व सीओ ऑनलाइन जुड़े। सभी अधिकारियों को तात्कालिक कार्रवाइयों के लिए समयसीमा और निगरानी तंत्र के साथ कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिये गए।


