
जमशेदपुर: सोनारी के भागवत मुहल्ला स्थित खेल मैदान से स्थानीय लोगों का प्रवेश बंद किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस गंभीर समस्या को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कड़ा संज्ञान लिया है। सोमवार को प्रभावित मुहल्लावासियों ने बिष्टुपुर स्थित उनके आवास पर मुलाकात की और मैदान को लेकर उत्पन्न स्थिति से उन्हें विस्तार से अवगत कराया।
मुहल्ला बसने के समय से खेलकूद और आयोजनों का रहा है केंद्र
मुहल्लावासियों ने विधायक सरयू राय को बताया कि उक्त मैदान का उपयोग इस मुहल्ला के बसने के समय से ही स्थानीय बच्चे खेलकूद के लिए तथा लोग शादी-विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए करते आ रहे हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले जुस्को (Jusco) कंपनी ने इस मैदान की चहारदीवारी कर दी थी।उस समय भी इसका विरोध किया गया था, जिसके बाद कंपनी के लैंड विभाग के अधिकारियों ने यह आश्वासन दिया था कि मैदान को स्थानीय लोगों के सामान्य उपयोग के लिए खुला रखा जाएगा।लेकिन हाल ही में मैदान को पूरी तरह घेरकर स्थानीय लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है और वहां विद्यालय से संबंधित बोर्ड भी लगा दिया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS :NIT कोऑपरेटिव सोसायटी में दुर्गा पूजा पंडाल का भूमिपूजन संपन्न, सुशील गुप्ता बने अध्यक्ष
विधायक सरयू राय ने दिया समाधान का भरोसा
मुहल्लावासियों ने सरयू राय से गुहार लगाई कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें और मैदान को पूर्व की तरह स्थानीय लोगों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराएं।
लोगों की बात सुनने के बाद विधायक सरयू राय ने आश्वासन दिया कि स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी सुविधा और मैदान की उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए वे इस मामले की पूरी वस्तुस्थिति की जानकारी लेंगे। उन्होंने कहा कि संबंधित प्रशासनिक और कंपनी के पदाधिकारियों से बातचीत कर इस समस्या का उचित और त्वरित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

