जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा है कि भारतीय संविधान लचीला है। इसमें 100 से ज्यादा संशोधन हो चुके हैं। देश के आजाद होने के बाद संविधान बनाने की जरूरत महसूस की गई। संविधान सभा बनी। संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद बने। ड्राफ्टिंग कमेटी के चेयरमैन डॉ. भीम राव आंबेडकर थे। डॉ. आंबेडकर ने पूरी दुनिया के संविधानों का अध्ययन किया और दलितों-पिछड़ों-शोषितों की समस्या का भी अध्ययन किया। उसे ड्राफ्ट किया। उस ड्राफ्ट को संविधान सभा ने बहस के बाद स्वीकार किया। वही संविधान आज देश में लागू है। आज जो भी लोग सत्ता में हैं, उनकी नियत सही रहेगी तो संविधान सही काम करेगा। नियत सही नहीं रहेगी तो संविधान सही काम नहीं करेगा। उपरोक्त विचार श्री राय ने कदमा-सोनारी लिंक रोड और पुराना बुक स्टोर, साकची में आयोजित आंबेडकर जयंती समारोहों में रखे।
बिल्डिंग बायलॉज का कड़ाई से पालन होःसरयू राय
जमशेदपुर। सिविल डिफेंस, जमशेदपुर की तरफ से आयोजित आपदा प्रबंधन के तहत व्यावहारिक प्रशिक्षण में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने हिस्सा लिया। उन्होंने प्रैक्टिकल करते हुए आग भी बुझाई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सिविल डिफेंस का यह इनीशियेटिव बेहतर है। उन्होंने कहा कि बिल्डिंग बायलॉज को अमल में लाना होगा। इसका घोर उल्लंघन हो रहा है। नगरों में यह समस्या ज्यादा दिख रही है। किसी फ्लैट में आग लग जाए तो फायर ब्रिगेड के पहुंचने का रास्ता ही नहीं। गलियां संकरी हैं। उससे दमकल की गाड़ी जाएगी नहीं। इसलिए बिल्डिंग बायलॉज का कड़ाई से पालन होना चाहिए।





