
Anni Amrita


जमशेदपुर.
अखिल भारतीय संस्कार भारती जमशेदपुर महानगर इकाई के तत्वावधान में तुलसी भवन के चित्रकूट कक्ष में 29 जुलाई को ‘गुरुपूर्णिमा उत्सव सह पद्मश्री बाबा योगेंद्रनाथ स्मृति सम्मान समारोह 2026’ का आयोजन किया गया. श्रद्धा, सम्मान और सांस्कृतिक गरिमा के साथ यह समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
READ MORE :ANNI AMRITA @राजनीति के अजीब रंग
नाट्य गुरु अवतार सिंह हुए सम्मानित
समारोह के दौरान प्रसिद्ध नाट्य गुरु अवतार सिंह को ‘पद्मश्री बाबा योगेंद्रनाथ स्मृति सम्मान’ से अलंकृत किया गया. सम्मानित नाट्य गुरु का परिचय सरिता सिंह ने प्रस्तुत किया. सम्मान ग्रहण करने के बाद अपने उद्गार व्यक्त करते हुए अवतार सिंह ने अपना संस्मरण साझा किया और गुरु की महिमा का बखान किया. उन्होंने कहा कि गुरु का स्थान सौर ऊर्जा से भी ऊपर है.
गुरु समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं: स्नेहलता
कार्यक्रम के अध्यक्षीय संबोधन में स्नेहलता ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि व्यक्तित्व का निर्माण कर समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं. इससे पूर्व, प्रथम सत्र का संचालन अरुणा झा ने किया. कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के पौधों से स्वागत, दीप प्रज्वलन एवं ध्येय गीत से हुआ, जिसे उपासना सिन्हा और नीलांबर चौधरी ने प्रस्तुत किया.
स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए डॉ. रागिनी भूषण ने गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला. वहीं, कृष्णा सिन्हा ने गुरु वंदना प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
द्वितीय सत्र का संचालन डॉ. अनीता निधि ने किया. इस सत्र के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में भजन, गीत, कविता, दोहे, नृत्य व एकल अभिनय की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं. इसमें प्रणति शरण, आलोक मंजरी विदुषी, डॉ. पुष्पा कुमारी, संहिता राणा, लक्ष्मी सिंह रूबी, निलांजन, डॉ. आशा गुप्ता, पूनम सिंह, नूपुर गोस्वामी, संगीता मिश्रा, बसंत जमशेदपुरी, आरती श्रीवास्तव विपुल, उपासना सिंह, सरिता सिंह, नीलम पेरीवाल, पूरबी घोष, अरुणा झा, राजेन्द्र राज, साह राज, माधुरी मिश्रा और गीता सागर चौधरी ने अपनी-अपनी प्रस्तुतियों से गुरु महिमा का भावपूर्ण चित्र उपस्थित किया.
समारोह के अंत में अरुणा भूषण ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए समस्त जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया. ‘वंदे मातरम’ के गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसके बाद उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.



