*विधायक बोले- मुख्य मार्ग से बनाकाटा, पाटापानी, हाड़ियान एवं कोवाली तक जाने वाली सड़क दक्षिणी पोटका के लोगो की लाइफ लाइन, जल्द सुदृढ़ीकरण व चौड़ीकरण बेहद ज़रूरी*
जमशेदपुर।
पोटका विधानसभा क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क समस्याओं को लेकर विधायक संजीव सरदार ने विधानसभा में आवाज उठाई है। उन्होंने शून्यकाल के दौरान झारखंड-ओडिशा सीमा स्थित तिरिंग काली मंदिर मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ीकरण का मुद्दा उठाते हुए सरकार से जल्द कार्रवाई की मांग की।
विधायक संजीव सरदार ने सदन को अवगत कराया कि तिरिंग काली मंदिर के समीप मुख्य मार्ग से बनाकाटा, पाटापानी, हाड़ियान एवं कोवाली तक जाने वाली सड़क काफी जर्जर और संकीर्ण हो चुकी है। इसके कारण दक्षिण पोटका क्षेत्र में लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में इस सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे में इस महत्वपूर्ण मार्ग का जल्द सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण किया जाना बेहद जरूरी है।
विधायक संजीव सरदार ने सरकार से आग्रह किया कि क्षेत्र के लोगों की सुविधा और बेहतर आवागमन को ध्यान में रखते हुए इस सड़क के निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी जाए, ताकि पोटका के दक्षिणी क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके।




