
रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर स्टील सिटी ने रोटरी वर्ष 2026-27 की शुरुआत एक मजबूत सामाजिक संदेश के साथ की है। क्लब ने अपनी थीम “Creating Lasting Impact” को चरितार्थ करते हुए पूरे शहर में एक ही दिन में आठ विभिन्न सामुदायिक सेवा परियोजनाओं का सफल आयोजन किया। इन कार्यक्रमों के जरिए स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सेवा कार्य किए गए।

नई टीम ने संभाला कार्यभार, चिकित्सकों का हुआ सम्मान
इस अवसर पर क्लब के नए पदाधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर अपना कार्यभार ग्रहण किया। नए सत्र के लिए उमंग झुनझुनवाला ने अध्यक्ष, विभूति धांध अडेसरा ने सचिव, रक्षा मकाती ने संयुक्त सचिव और कमल मकाती ने कोषाध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला। दिन की शुरुआत सुबह साकची स्थित रेडक्रॉस भवन में रक्तदान शिविर से हुई। इसके उपरांत टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मंदार सहित आठ प्रतिष्ठित चिकित्सकों और तीन चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को समाज में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य जांच, मासिक धर्म स्वच्छता और पौधरोपण अभियान
बारीडीह स्थित बीएमसी फेरोकास्ट प्राइवेट लिमिटेड में “प्रोजेक्ट पॉजिटिव हेल्थ” के तहत स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जहां 86 लोगों को चिकित्सीय परामर्श मिला। वहीं, मानगो के शेयन इंटरनेशनल स्कूल में छात्राओं के लिए “मेंस्ट्रुपीडिया” जागरूकता सत्र का आयोजन हुआ। इसमें 78 छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता और किशोरावस्था स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। इसी स्कूल परिसर में वृहद पौधरोपण अभियान भी चलाकर लगभग 500 लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
जल संरक्षण, मानसिक स्वास्थ्य और नवजात शिशुओं की सेवा
रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनु नारंग ने आकाशवाणी आदित्यपुर के माध्यम से जल संरक्षण और स्वच्छता पर अपना विशेष संदेश प्रसारित किया। टाटा फुटबॉल अकादमी स्थित जेएफसी यूथ सेंटर में युवाओं के लिए मेडिटेशन और मानसिक स्वास्थ्य प्रबंधन पर एक विशेष सत्र आयोजित हुआ। दिन का समापन साउथ पार्क स्थित सत्य साई संजीवनी अस्पताल में हुआ, जहां 15 नवजात शिशुओं के परिजनों को कंबल और अस्पताल कर्मियों को छाछ का वितरण किया गया।
सामूहिक प्रयास से ही आएगा स्थायी बदलाव
क्लब अध्यक्ष उमंग झुनझुनवाला ने कहा कि रोटरी की असली ताकत उसके सामूहिक कार्यों में निहित है और यह सेवा यात्रा पूरे वर्ष जारी रहेगी। सचिव विभूति धांध अडेसरा ने सभी रोटेरियंस, रोटरैक्टर्स और सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि स्थायी परिवर्तन एकजुटता से ही संभव है। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में कृष्णा खारा, जितेश कुमार, शिवानी गोयल, दीपक डोकानिया, उर्वी अडेसरा सहित बड़ी संख्या में क्लब सदस्यों ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।



