
प्रयागराज/जमशेदपुर.

प्रयागराज में चल रहे पावन माघ मेले के अवसर पर झारखंड के जमशेदपुर की रहने वाली साध्वी अमरजीत शेरगिल का जूना किन्नर अखाड़ा में पुनः विधिवत पटाभिषेक संपन्न हुआ. यह पटाभिषेक जूना किन्नर अखाड़ा की आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी के सान्निध्य में संपन्न हुआ.
पटाभिषेक से पूर्व परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार पिंडदान किया गया. इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार एवं साधु-संतों की उपस्थिति में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर साध्वी अमरजीत शेरगिल का विधिवत पटाभिषेक किया गया.
पटाभिषेक के बाद अखाड़े द्वारा उनका नया नामकरण श्री श्री 1008 अमरजीत नंद गिरी किया गया. साथ ही, आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने उन्हें जूना किन्नर अखाड़ा का झारखंड प्रदेश सचिव घोषित किया.
उल्लेखनीय है कि साध्वी अमरजीत शेरगिल लंबे समय से अखाड़े की परंपराओं एवं सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी रही हैं. पुनः पटाभिषेक के माध्यम से उनके दायित्वों और आध्यात्मिक भूमिका को और अधिक विस्तार दिया गया है.
इस अवसर पर बड़ी संख्या में साधु-संत, श्रद्धालु एवं अखाड़े से जुड़े अनुयायी उपस्थित रहे






