
जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर के बहुचर्चित करणी सेना नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। 27 जून की रात बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के डबल डाउन बार (Double Down Bar) के बाहर हुई इस जघन्य हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी राहुल दुबे ने शुक्रवार को पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

बताया जा रहा है कि पुलिस की लगातार बढ़ती दबिश और दबाव के कारण राहुल दुबे शुक्रवार दोपहर अपने दोनों हाथ उठाकर बिष्टुपुर थाना परिसर में दाखिल हुआ और सरेंडर कर दिया।
एसएसपी का बयान: एफआईआर में दर्ज सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) एहतशाम वकारीब ने इस आत्मसमर्पण की पुष्टि की है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि हिमांशु सिंह की हत्या के मामले में दर्ज प्राथमिकी (FIR) में नामजद सभी आरोपियों को अब गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस अब तक डबल डाउन बार के मालिक और भाजपा नेता नीरज सिंह, चार नाबालिगों सहित कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। राहुल दुबे के सरेंडर के बाद अब पुलिस इस केस की कड़ियां तेजी से जोड़ रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
मुख्य आरोपी बोदरा पहले ही कर चुका है सरेंडर
इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी विश्वनाथ लोहरा उर्फ बोदरा पर जिला पुलिस ने दो लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी। पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी और बढ़ते दबाव के कारण मुख्य आरोपी बोदरा ने भी दो दिन पहले मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: मानगो डिमना रोड पर युवक की गोली मारकर हत्या, टीएमएच में परिजनों का हंगामा; इलाके में भारी तनाव
कैसे हुई थी हिमांशु सिंह की हत्या?
गौरतलब है कि 27 जून की रात डबल डाउन बार के अंदर किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद बदमाशों के एक गुट ने हिमांशु सिंह और उसके दोस्त प्रत्युष सिंह को पुलिस की गश्ती गाड़ी से बाहर खींच लिया था। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में ही बदमाशों ने कुल्हाड़ी और चापड़ जैसे धारदार हथियारों से दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया।
इस नृशंस हमले में बुरी तरह घायल 28 वर्षीय हिमांशु सिंह ने दो दिन बाद टाटा मेन अस्पताल (TMH) में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। वहीं, उनके घायल दोस्त प्रत्युष सिंह की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और वह कोलकाता के एक अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।



