
JAMSHEDPUR
जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में हुए चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड को सुलझाने में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर इस सनसनीखेज मामले का खुलासा कर दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. एहतेशाम वकारिब ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ सब्बे समेत चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने के बाद हुई जवाबी मुठभेड़ में मुख्य आरोपी सब्बे गोली लगने से घायल हो गया, जिसका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।

READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: टाटा स्टील इंटर-जेडीसी राफ्टिंग प्रतियोगिता 2026, हॉट स्ट्रिप मिल बनी चैंपियन
ईंट-पत्थर और लकड़ी से वार कर उतारा था मौत के घाट
घटना 8 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे की है। मानगो के गुरुद्वारा रोड मजार के पास अपराधियों ने राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा को घेरकर हमला बोल दिया था। आरोपियों ने ईंट, पत्थर और लकड़ी के लट्ठे से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के भाई राजा कुमार के आवेदन पर मानगो थाना में कांड संख्या 145/2026 (धारा 103 (1), 3 (5) BNS एवं 27 आर्म्स एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया गया। सिटी एसपी की निगरानी और सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को धर दबोचा।
हथियार बरामदगी के दौरान झाड़ियों में पुलिस पर फायरिंग
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ सब्बे ने खुलासा किया कि उसने मानगो के रोड नंबर-14 स्थित जवाहरनगर फॉरेस्ट लाइन की झाड़ियों में हथियार छिपा रखा है। जब पुलिस टीम उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने पहुंची, तभी सब्बे ने झाड़ी में छिपाकर रखी गई एक अन्य देशी लोडेड पिस्टल उठाकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
READ MORE..BOKARO NEWS: बोकारो में टाटा स्टील और DGMS की बड़ी पहल, 125वें साल पर महा-वृक्षारोपण; माइनिंग डंप चमकेगा ‘हाइड्रोसीडिंग’ तकनीक से
आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई, आरोपी एमजीएम में भर्ती
आरोपी द्वारा किए गए इस अचानक और जानलेवा हमले के बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा (Self Defense) में जवाबी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ सब्बे के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेते हुए इलाज के लिए एमजीएम (MGM) अस्पताल में भर्ती कराया है, जहाँ उसकी स्थिति नियंत्रण में है।
मृतक और गिरफ्तार आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक और गिरफ्तार आरोपियों के बीच पुरानी दुश्मनी थी और दोनों ही पक्षों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है
सरबजीत सिंह उर्फ सब्बे: ओलीडीह, मानगो और बोडाम थाना में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के 8 गंभीर मामले दर्ज हैं।
आफताब अली उर्फ बाबा: मानगो और कदमा थाना में चोरी व अन्य अपराधों के 6 मामले दर्ज हैं।
अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय: परसुडीह, ओलीडीह और गोलमुरी में डकैती की योजना, एनडीपीएस (NDPS) और आर्म्स एक्ट के 5 मामले दर्ज हैं।
मृतक राहुल बच्चा: इसके खिलाफ भी ओलीडीह, बिरसानगर, मानगो और परसुडीह थाना में हत्या, लूट और रंगदारी के 5 गंभीर मामले दर्ज थे।
पुलिस ने घटनास्थल और छापेमारी के दौरान खून लगे कपड़े, ईंट, पत्थर, चप्पल, अर्धजला लकड़ी, खून लगे रुपये और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH05 CX 5368) बरामद की है। इस सफल ऑपरेशन में एएसपी ऋषभ त्रिवेदी, मानगो थाना प्रभारी नित्यानंद प्रसाद समेत कई सब-इंस्पेक्टर और जवान शामिल थे।


