
जमशेदपुर के कदमा स्थित तरुण संघ के प्रांगण में इलाके की गंभीर जनसमस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा ने की। बैठक में स्थानीय निवासियों ने प्रशासनिक लापरवाही और नागरिक सुविधाओं के अभाव को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया।
कदमा में अवैध मटका, जुआ और शराब का काला कारोबार
बैठक में स्थानीय निवासियों ने सबसे गंभीर मुद्दा कानून व्यवस्था का उठाया। लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश था कि कदमा थाना क्षेत्र में धड़ल्ले से मटका, जुआ और अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार लिखित और मौखिक शिकायत करने के बावजूद कदमा थाना प्रभारी ने इन अवैध धंधों की रोकथाम के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
पुलिस कर्मियों पर जनता को प्रताड़ित करने का आरोप
अवैध कारोबार के अलावा, स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कदमा थाने में तैनात वाहन चालक और कुछ अन्य पदाधिकारी लगातार स्थानीय नागरिकों को किसी न किसी बहाने परेशान और प्रताड़ित करते हैं, जिससे आम जनता में असुरक्षा का माहौल है।
JNAC की लापरवाही: भाटिया बस्ती में कचरे का अंबार
बैठक में जमशेदपुर अक्षेस (JNAC) की बदहाल सफाई व्यवस्था की भी पोल खुली। भाटिया बस्ती एवं अन्य क्षेत्रों के निवासियों ने शिकायत की कि डोर-टू-डोर कचरा उठाव सही तरीके से नहीं हो रहा है। तीन-तीन दिन बीत जाने के बाद भी कचरा उठाने वाली गाड़ी इलाके में नहीं आती है, जिससे सड़कों पर कचरा सड़ रहा है और पूरी बस्ती में भयंकर दुर्गन्ध फैल रही है।
शास्त्री नगर में दोबारा अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम का संकट
READ MORE..Aaj Ka Rashifal:21 मई 2026 गुरुवार का पंचांग और राशिफल जानें माँ मातंगी ज्योतिष केंद्र के साथ
मुकुल मिश्रा के समक्ष लोगों ने शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर 2 और 3 का मुद्दा भी उठाया। निवासियों ने बताया कि जिस भूमि को प्रशासन और जुस्को ने कड़ी मशक्कत के बाद अतिक्रमण मुक्त कराया था, वहां भू-माफिया दोबारा अतिक्रमण कर रहे हैं। मेन रोड पर कचरे का टब रख दिया गया है, जिससे मुख्य सड़क पर घंटों ट्रैफिक जाम रहता है और राहगीरों का चलना दूभर हो गया है। इसके अलावा हाईमास्ट लाइट, टूटी सड़कें और जाम नालियों की शिकायतें भी दर्ज कराई गईं।
विधायक सरयू राय तक पहुंचेगा मामला: मुकुल मिश्रा
सभी जनसमस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद विधायक प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा ने स्थानीय जनता को आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वह इन सभी गंभीर मामलों को अविलंब विधायक सरयू राय के समक्ष रखेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अवैध धंधों पर लगाम लगाने और जेएनएसी की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराकर समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाएगा।
बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित लोग: इस बैठक में नीरज सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद, राकेश सिंह, रवि शंकर सिंह, भीम सिंह, अमरेंद्र मल्लिक, केपी सिंह, ललन चौहान, तारक मुखर्जी, मनोज सिंह, चिंतामणि दुबे, अशोक दुबे, डीएन सिंह, अजीत सिंह, डिंपल बिस्वा, संजीव सिंह, लाली दीक्षित, रवींद्र राय, दिनेश त्रिपाठी, पवन दुबे, कृष्णा प्रसाद, सुभाष सिंह, अर्जुन सिंह सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।


