जमशेदपुर |
जमशेदपुर के युवा रक्तदान को महापर्व के रूप में मनाते हैं। यह बात हिंद क्लब के अध्यक्ष नंदजी प्रसाद ने कही। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि उत्सव की तरह मनाया जाता है, जिसमें लोग स्वेच्छा और गर्व के साथ भाग लेते हैं।
हिंद क्लब में तैयारी बैठक सम्पन्न
हिंद क्लब के तत्वावधान में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 1 फरवरी को आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसी क्रम में हिंद क्लब, रानीकुदर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष नंदजी प्रसाद ने की।
अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का निर्णय
बैठक में रक्तदान शिविर को सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सभी सदस्यों ने फोन के माध्यम से अपने-अपने संपर्कों से रक्तदाताओं को आमंत्रित करने का निर्णय लिया। सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि वे अपने मित्रों, पड़ोसियों और सहयोगियों को रक्तदान के लिए प्रेरित करेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य में भाग लें।
जमशेदपुर देश में रक्तदान में अग्रणी
अध्यक्ष नंदजी प्रसाद ने कहा कि जमशेदपुर न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश में रक्तदान के क्षेत्र में अग्रणी स्थान रखता है। उन्होंने बताया कि जिन्हें भी रक्तदान शिविर की जानकारी मिलती है, वे स्वयं आगे आकर रक्तदान करते हैं और पूरे उत्साह व उल्लास के साथ इस महापर्व को सफल बनाते हैं।
सामाजिक दायित्व निभा रहा हिंद क्लब
उन्होंने आगे कहा कि हिंद क्लब अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए हर वर्ष रक्तदान शिविर का आयोजन करता है। इसमें क्लब के सदस्य ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के आम नागरिक भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं और मानवता की सेवा में योगदान देते हैं।
बैठक में ये सदस्य रहे उपस्थित
बैठक में क्लब के महासचिव राजेश कुमार के साथ निरंजन पांडे, राजू सिंह, ज्योति दुबे, बलबीर पांडेय, शंभू रजक, रॉकी सिंह, आशीष राव, बर्मा प्रसाद, प्रेम राव, रोहित कुमार, निखिल गुप्ता, संजीव सिंह, संजय कुमार, अमित सिंह और संजय केसरी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।



