जमशेदपुर : पोटका विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय के समीप झामुमो के संस्थापक एवं झारखंड आंदोलन के अग्रदूत शिबू सोरेन (दिशोम गुरु) के सम्मान में पत्थलगड़ी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में झामुमो नेता, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। इस दौरान दीशोम गुरु के संघर्षमय जीवन और झारखंड राज्य निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया गया।
आदमकद प्रतिमा स्थापना की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि आगामी दिनों में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। वक्ताओं ने कहा कि यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को उनके त्याग, संघर्ष और झारखंड के लिए दिए गए अमूल्य योगदान की याद दिलाती रहेगी। पत्थलगड़ी के माध्यम से उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
एकजुटता और संकल्प का संदेश
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर दिशोम गुरु शिबू सोरेन के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पूर्व प्रखंड अध्यक्ष बहादुर किस्कू, मिथुन चक्रवर्ती, दिलजीत मुखर्जी, मनोज नाहा, संतु कर्मकार, तरुण सरदार सहित अन्य लोग मौजूद थे। सभी ने झारखंड के विकास, सामाजिक न्याय और क्षेत्रीय अस्मिता की रक्षा के लिए संगठित प्रयास जारी रखने की बात कही।



