
जमशेदपुर में बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री और ‘धक-धक गर्ल’ माधुरी दीक्षित के जन्मदिन को लेकर आयोजित दो दिवसीय जश्न शुक्रवार को पूरे उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। शहर के सबसे चर्चित और माधुरी दीक्षित के सबसे बड़े प्रशंसक पप्पू सरदार ने हर साल की तरह इस बार भी अपनी पसंदीदा अभिनेत्री का जन्मदिन पूरे उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया। यह लगातार 29वां वर्ष है जब लौहनगरी में माधुरी दीक्षित का जन्मदिन एक भव्य त्योहार की तरह मनाया गया है।
चेशायर होम में दिव्यांगों के साथ काटा केक
इस भव्य कार्यक्रम के दूसरे दिन की शुरुआत एक बेहद नेक पहल के साथ हुई। शुक्रवार सुबह पप्पू सरदार अपने परिवार के साथ करनडीह स्थित चेशायर होम पहुंचे। यहां उन्होंने मानसिक और शारीरिक रूप से दिव्यांग लोगों के साथ माधुरी के जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। पप्पू सरदार ने सभी के बीच उपहार वितरित किए और माधुरी दीक्षित की तस्वीर के सामने केक काटा। इस दौरान चेशायर होम के निवासियों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाया और अभिनेत्री की फिल्मों के लोकप्रिय गीतों पर जमकर डांस कर इस दिन को खास बना दिया।
साकची में बंटी फ्री चाट, बारिश में भी उमड़े हजारों लोग
शाम के वक्त साकची बाजार स्थित पप्पू सरदार के आयोजन स्थल पर उत्सव का एक अलग ही रंग देखने को मिला। यहां आम जनता के बीच निःशुल्क (फ्री) चाट का वितरण किया गया। फुटपाथ पर बच्चों के मनोरंजन के लिए निःशुल्क झूलों की भी व्यवस्था की गई थी, जिसका बच्चों ने खूब आनंद उठाया। तेज बारिश और खराब मौसम के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। लगभग पांच हजार से अधिक लोग पप्पू सरदार की चाट दुकान पर पहुंचे और इस अनोखे आयोजन के साक्षी बने। महिलाओं और युवतियों में सजावट के बीच सेल्फी लेने का गजब का क्रेज दिखा।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: गोपाल मैदान में 17 मई से ‘राजस्थान महोत्सव 2026’, दिखेगी मिनी जैसलमेर की झलक
आधी रात को पंजाबी भांगड़ा और अंतरराष्ट्रीय पहचान
इससे पहले बीती रात ठीक 12 बजते ही पंजाबी भांगड़ा की धुन और शानदार डांस के बीच भव्य केक काटकर माधुरी का जन्मदिन मनाया गया। उल्लेखनीय है कि पप्पू सरदार पिछले 29 सालों से माधुरी दीक्षित के प्रति अपनी इस अनूठी दीवानगी के लिए जाने जाते हैं। इसी अनूठे जुनून के कारण उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक खास पहचान मिल चुकी है। इस आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों का भरपूर सहयोग मिला।



